सूर्यकुमार यादव RCB के खिलाफ मैच खेलेंगे या नहीं? सामने आई बड़ी अपडेट; पिछले मैच की थी कप्तानी
सूर्यकुमार यादव अपनी बेटी के जन्म के समय परिवार के साथ समय बिताने के लिए मुंबई की टीम से बाहर हुए थे। हालांकि उनके बेंगलुरु मुकाबले से पहले टीम से जुड़ने की उम्मीद है और वह चयन के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वे रविवार को रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस के पिछले मुकाबले में टीम का नेतृत्व किया था। सूर्यकुमार ने टीम प्रबंधन को बताया वह आरसीबी मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। उनके जल्द ही रायपुर पहुंचने की उम्मीद है। सूर्यकुमार की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की थी।
सूर्यकुमार टीम से जुड़ेंगे
उल्लेखनीय है कि सूर्यकुमार यादव की पत्नी ने हाल ही में एक बच्ची को जन्म दिया है, इसलिए उनके खेलने को लेकर थोड़ी अनिश्चितता थी कि परिवार में नये मेहमान आने के बाद क्या वह समय पर रायपुर पहुंच पाएंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार वह मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव रविवार को फिर से टीम की कप्तानी करेंगे या नहीं, यह नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या की रिकवरी पर निर्भर करेगा, जो पीठ में ऐंठन के कारण 4 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ गेम में नहीं खेल पाए थे।
अब सब कुछ एमआई में स्पोर्ट्स मेडिसिन के हेड बेन लैंगली और फिजियो नितिन पटेल पर निर्भर करता है। पता चला है कि पांड्या का शुक्रवार को फिटनेस टेस्ट हुआ था और शनिवार को फिर से उनकी जांच की जाएगी। बेशक, उन्होंने रायपुर में टीम के साथ अभ्यास नहीं किया, लेकिन उम्मीद है कि वे शाम को अभ्यास करेंगे।
सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2026 में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। सूर्यकुमार ने अब तक सिर्फ एक मैच में अर्धशतक लगाया है। सूर्यकुमार ने जारी सीजन में 10 मैचों में 195 रन बनाए हैं। कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर पांड्या के लिए भी आईपीएल 2026 भुला देने वाला रहा है क्योंकि पिछले साल ग्रुप चरण में चौथे स्थान पर रहने के बाद मुंबई इंडियन्स अब टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है। मुंबई ने अब तक अपने नौ मैच में से दो जीते हैं और सात गंवाए हैं। पांड्या ने मौजूदा सत्र में अब तक 186 रन बनाए हैं और चार विकेट लिए हैं। बीमार होने के कारण पंड्या इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी एक मैच नहीं खेल पाए थे जिसमें टीम की कप्तानी सूर्यकुमार ने की थी।
पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस 10 मैचों में सिर्फ तीन जीत के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। उसकी आईपीएल प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन