अक्षर पटेल की कप्तानी पर उठे सवाल, दिल्ली को नए कप्तान की दरकार; क्या केएल राहुल बन सकते हैं मसीहा?
दिल्ली कैपिटल्स के आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद अक्षर पटेल की कप्तानी सवालों के घेरे में है। डीसी ने इस सीजन 11 में से 4 ही मैच जीते हैं। आईपीएल 2026 में दिल्ली का सफर लगभग समाप्त हो गया है।

अपने पहले खिताब को तरस रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम को एक और साल इंतजार करना पड़ेगा। दिल्ली की टीम आईपीएल 2026 प्लेऑफ की दौड़ से लगभग-लगभग बाहर हो गई है। डीसी ने अभी तक खेले 11 में से चार ही मैच जीते हैं, वहीं 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली को इस सीजन 3 और मैच खेलने है, अगर कोई बड़ा करिश्मा कर टीम यह तीनों मैच जीतने में भी कामयाब रहती है तो भी वह अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी, इस बार 14 अंकों के साथ किसी टीम का प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना काफी कठिन है। दिल्ली कैपिटल्स के इस खराब प्रदर्शन के बाद कप्तान अक्षर पटेल पर सवाल उठ रहे हैं।
अक्षर पटेल ने बॉलिंग, बैटिंग और कैप्टेंसी तीनों डिपार्टमेंट में किया निराश
सबसे पहले बात अक्षर पटेल की बॉलिंग की करते हैं। वह एक बॉलिंग ऑलराउंडर है। आईपीएल 2026 में उन्होंने खेले 11 मैचों में मात्र 10 ही विकेट लिए हैं। कई मौकों पर तो उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर भी पूरे नहीं किए। टी20 क्रिकेट में अक्षर पटेल अकसर पावरप्ले में ओवर डालते हैं और बल्लेबाज को बांधकर रखते हैं, मगर इस सीजन उनकी तरफ से ऐसी कोशिश नहीं दिखी। बॉलिंग में भी वह काफी कमजोर नजर आए।
अब बात बल्लेबाजी की करें तो यहां प्रदर्शन उनका और भी निराशाजनक रहा है। 11 मैचों में मिलाकर भी अक्षर पटेल बल्ले से 50 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं। जी हां, अक्षर पटेल ने इस सीजन मात्र 6.29 की औसत से 44 रन बनाए हैं। अगर कप्तान की तरफ से ऐसा परफॉर्मेंस देखने को मिलेगा तो इसका बाकी खिलाड़ियों पर क्या असर पड़ेगा।
कप्तानी में भी फेल हुए अक्षर पटेल। कई मौकों पर देखने को मिला कि अक्षर पटेल ने अपने बल्लेबाजों का सही से इस्तेमाल नहीं किया। आशुतोष शर्मा और डेविड मिलर तो कई बार अपनी बारी आने को देखते रह गए। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ तो अक्षर पटेल ने मिलर जैसे शानदार फिनिशर को टीम से ही ड्रॉप कर दिया। वहीं फील्डिंग करते हुए कई बार साधारण फैसले लेते नजर आए।
क्या अगले सीजन दिल्ली कैपिटल्स को मिलेगा नया कप्तान?
ऐसा लग रहा है कि अक्षर पटेल कप्तानी का बोझ अच्छे से संभाल नहीं पा रहे हैं, इसका असर उनकी बैटिंग-बॉलिंग पर भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में क्या दिल्ली कैपिटल्स के खेमे में अगले सीजन नया कप्तान देखने को मिल सकता है? अब देखने वाली बात होगी कि दिल्ली के पास कप्तानी के कौन-कौन से विकल्प है।
एक जो सबसे बढ़िया और सबसे तगड़ा विकल्प नजर आता है, वो है केएल राहुल। राहुल आईपीएल में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स जैसी टीमों की अगुवाई कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में ही एलएसजी आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में पहुंची थी। टॉप ऑर्डर में आने से राहुल का खेल और निखरकर सामने आया है, वहीं अब उनका स्ट्राइक रेट भी दमदार रहता है।
ऐसे में क्या दिल्ली कैपिटल्स अगले सीजन केएल राहुल को अपनी टीम का कप्तान बना सकती है? क्या केएल राहुल अगले सीजन दिल्ली कैपिटल्स का मसीहा बन उन्हें पहली ट्रॉफी जिता सकते हैं?
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन