CSK vs KKR: संजू सैमसन ने कर ली केएल राहुल की बराबरी, IPL में एमएस धोनी इस मामले में नंबर-1
Sanju Samson CSK vs KKR: संजू सैमसन सीएसके बनाम केकेआर मैच में फिफ्टी से चूक गए। हालांकि, विकेटकीपर-बल्लेबाज सैमसन ने एक धाकड़ लिस्ट में केएल राहुल की बराबरी कर ली।

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के ओपनर संजू सैमसन ने मंगलवार को आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शानदार बैटिंग की। वह चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में सर्फ दो रन से फिफ्टी से चूक गए। विकेटकीपर सैमसन ने 32 गेंदों का सामना करने के बाद 48 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल हैं। उन्हें कार्तिक त्यागी ने 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने पहली गेंद पर छक्का मारा था मगर अगली गेंद पर गिल्लियां उड़ गईं। सैमसन भले ही फिफ्टी से चूक गए लेकिन एक धाकड़ लिस्ट में उन्होंने केएल राहुल की बराबरी कर ली है।
संजू सैमसन ने 46वीं बार ऐसा किया
दरअसल, 31 वर्षीय सैमसन आईपीएल में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा बार 30 प्लस स्कोर बनाने वालों की लिस्ट में संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 46वीं बार ऐसा किया है। सैमसन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 182 मैच खेल चुके हैं। राहुल ने 149 मुकाबलों में 46 बार 30 प्लस स्कोर बनाया है। वह दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का हिस्सा हैं। दिग्गज एमएस धोनी लिस्ट में नंबर वन हैं। उन्होंने 278 मुकाबलों में 66 मर्तबा यह कारनामा अंजाम दिया। वह पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज धोनी ने मौजूदा सीजन में अब तक सीएसके लिए कई मैच नहीं खेला है।
IPL में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा 30+ स्कोर
66: एमएल धोनी
58: दिनेश कार्तिक
50: ऋषभ पंत
46: संजू सैमसन
46: केएल राहुल
संजू सैमसन ने दो साझेदारियां की
चेपॉक में टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी चेन्नई टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 192 रन जुटाए। सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (7) एक बार फिर सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें अनुकूल रॉय ने तीसरे ओवर में पवेलियन भेजा। सैमसन और आयुष म्हात्रे ने दूसरे विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी की। म्हात्रे के बल्ले से 17 गेंदों में 38 रन निकले। उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए। सैमसन ने डेवाल्ड ब्रेविस (29 गेंदों में 41, चार चौके, दो छक्के) के संग 39 रन जोड़े। वहीं, ब्रेविस ने सरफराज खान के संग चौथ विकेट के लिए 51 रनों की पार्टरनशिप की। कार्तिक ने 17वें ओवर में सरफराज को आउट किया, जिन्होंने 18 गेंदों में 23 रन बटोरे। उन्होंने एक चौका और दो छक्के जमाए। ब्रेविस को 18वें ओवर में सुनील नरेन ने बोल्ड किया। शिवम दुबे 12 गेंदों में 13 और जेमी ओवरटन 6 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन