IPL 2026 में इस वजह से दबाव में थे ऋतुराज गायकवाड़, CSK कप्तान को लेकर हेड कोच ने कबूला कड़वा सच
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल 2026 में शुरू में उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे। गायकवाड़ की फॉर्म को लेकर फ्रेंचाइजी के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कड़वा सच कबूला है।

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने निर्णय लेने में काफी निरंतरता दिखाई है और इसका काफी श्रेय बल्लेबाज के रूप में उनकी शानदार फॉर्म को दिया जा सकता है। आईपीएल 2026 के शुरू में खराब प्रदर्शन करने वाले गायकवाड़ ने पिछले दो मैचों में क्रमशः नाबाद 74 रन और नाबाद 67 रन बनाए। इससे सीएसके अपने पिछले पांच मैचों में से तीन में जीत दर्ज करके अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया है।
'गायकवाड़ के अच्छे फैसलों का नतीजा'
फ्लेमिंग ने शनिवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) पर सीएसके की आठ विकेट से जीत के बाद कहा, ''वह हर मैच में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। इसकी शुरुआत थोड़ी धीमी रही थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उसने शानदार प्रदर्शन किया है।'' पिछले 18 सत्र से सीएसके के कोच रहे फ्लेमिंग का यह भी मानना है कि गायकवाड़ के बल्लेबाजी में अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें कप्तान के रूप में आत्मविश्वास भी मिला। फ्लेमिंग ने कहा, ''कप्तानी में सफलता के लिए बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन काफी महत्वपूर्ण होता है। पिछले दो मैचों में उसने शानदार फॉर्म दिखाई है। मुझे लगता है कि यह उसके अच्छे फैसलों का नतीजा है। इसलिए इन दोनों जिम्मेदारियों को निभाना और अगर आप किसी एक में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हो तो दोनों के प्रति सकारात्मक रवैया रखना बहुत जरूरी है।''
हेड कोच ने कबूल किया ये कड़वा सच
कोच ने कबूल किया कि गायकवाड़ बल्लेबाज के तौर पर दबाव में थे क्योंकि वह अपने पहले सात मैचों में 30 रन का आंकड़ा पार करने में भी असफल रहे थे। फ्लेमिंग ने कहा, ''वह (गायकवाड़) काफी दबाव में था। बल्लेबाजी को लेकर उस पर काफी दबाव था तथा इससे उसकी कप्तानी पर भी सवाल उठने लग गए थे।'' फ्लेमिंग इस बात से भी खुश थे कि वह कार्तिक शर्मा को सही समय पर भेजकर इम्पैक्ट प्लेयर का अच्छा उपयोग कर सके। सीएसके से 14 करोड़ रुपये से अधिक की कीमत पर जुड़ने वाले इस युवा खिलाड़ी ने 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद अर्धशतक लगाया। उन्होंने कहा, '''वह एक बेहतरीन खिलाड़ी है और नीलामी में उसकी कीमत काफी अधिक थी। दूसरे लोग भी यही मानते हैं। उसने आज अपने कौशल और जज्बे का अच्छा नमूना पेश किया और उम्मीद है कि वह आगे भी अच्छा प्रदर्शन करना जारी रखेगा।''
सीएसके ने सीजन में चौथी जीत दर्ज की
गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद मुंबई को छोटे स्कोर पर रोकने के बाद चेन्नई ने गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा के बीच तीसरे विकेट के लिए 75 गेंद में 98 रन की अटूट साझेदारी की मदद से जीत दर्ज की। अफगानिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद (26 रन देकर दो विकेट) और अंशुल कंबोज (32 रन देकर तीन विकेट) की अनुशासित गेंदबाजी की बदौलत सीएसके ने मुंबई को सात विकेट पर महज 159 रन पर रोका। फिर गायकवाड़ की 48 गेंद में पांच चौके और दो छक्के जड़ित नाबाद 67 रन की पारी और कार्तिक ( 40 गेंद में चार चौके और तीन छक्के) के पहले आईपीएल अर्धशतक से 18.1 ओवर में दो विकेट पर 160 रन बनाकर आसान जीत हासिल की। यह सीएसके की मौजूदा सीजन में चौथी जीत है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन