वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की रेस में कितना पिछड़े? नंबर-1 बनने के लिए चाहिए आज इतने रन; गिल-सुदर्शन पर भी नजरें
IPL 2026 Orange Cap- वैभव सूर्यवंशी आज एक्शन में होंगे। राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला जयपुर में होगा। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी की निगाहें ऑरेंज कैप पर होगी। वह फिलहाल 404 रनों के साथ पांचवें पायदान पर हैं।

IPL 2026 Orange Cap- राजस्थान रॉयल्स का आज मुकाबला गुजरात टाइटंस से है। आरआर की टीम एक हफ्ते के ब्रेक के बाद अपना मैच खेलने वाली है। ऐसे में हर किसी की निगाहें एक बार फिर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर होगी। वैभव ने आईपीएल 2026 में अभी तक खूब धमाल मचाया है, मगर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में उनका बल्ला नहीं चला था। काइल जैमिसन ने उन्हें शानदार यॉर्कर पर आउट किया था, जिसके बाद क्रिकेट के गलियारों में बातें होने लगी कि यॉर्कर ही वैभव सूर्यवंशी की कमजोरी है। तरह-तरह के आंकड़े सामने आने लगे। अब देखना यह होगा कि वैभव सूर्यवंशी आज गुजरात टाइटंस के खिलाफ कैसा खेलते हैं। वैभव सूर्यवंशी की नजरें आज बड़ी पारी खेल ऑरेंज कैप भी हासिल करने पर होगी।
ऑरेंज कैप की रेस में पांचवें नंबर पर वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अभी तक 10 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 40.40 की औसत और 237.65 के स्ट्राइक रेट के साथ 404 रन बनाए हैं। आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की रेस में वह पांचवें पायदान पर हैं। उनके ऊपर हेनरिक क्लासेन (जो नंबर-1 पर है), अभिषेक शर्मा, केएल राहुल और ईशान किशन है। आज वैभव सूर्यवंशी की नजरें नंबर-1 बनने पर होगी।
वैभव सूर्यवंशी को ऑरेंज कैप हासिल करने के लिए चाहिए 91 रन
वैभव सूर्यवंशी को अगर आज ऑरेंज कैप हासिल करनी है तो गुजरात टाइटंस के खिलाफ कम से कम 91 रन बनाने होंगे। दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद के क्लासेन 494 रनों के साथ इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं अभिषेक शर्मा 475 रनों के साथ दूसरे, 468 रनों के साथ केएल राहुल तीसरे और 409 रनों के साथ ईशान किशन चौथे नंबर पर है।
शुभमन गिल और साई सुदर्शन पर भी निगाहें
वैभव सूर्यवंशी के साथ एक्शन में आज शुभमन गिल और साई सुदर्शन भी होंगे, गुजरात टाइटंस के ये दो खिलाड़ी भी ऑरेंज कैप की रेस में बने हुए हैं। शुभमन गिल 378 रनों के साथ 10वें पायदान पर हैं, वहीं साई सुदर्शन 385 रनों के साथ 7वें। गिल और सुदर्शन आज धमाकेदार प्रदर्शन कर कम से कम टॉप-5 में तो अपनी जगह बनाना चाहेंगे।
कितने बजे शुरू होगा RR vs GT मैच?
राजस्थान रॉयल्स वर्सेस गुजरात टाइटंस मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों कप्तान -रियान पराग और शुभमन गिल- आधा घंटा पहले यानी 7 बजे मैदान पर उतरेंगे। आज सिर्फ एक ही मैच खेला जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन