IPL फाइनल के लिए कर्नाटक ने मांगे थे 10,000 से ज्यादा टिकट, डिमांड सुनकर BCCI भी रह गया हैरान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ और फाइनल मैच बेंगलुरु से बाहर शिफ्ट कर दिए थे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बेंगलुरु को मेजबानी नहीं मिलने के पीछे की वजह केएससीए बोर्ड द्वारा ज्यादा टिकट मांग बताई।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के डिफेंडिंग चैंपियन होने के बावजूद बेंगलुरु को आईपीएल 2026 फाइनल की मेजबानी नहीं मिलने के पीछे की वजह बताई है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा खिताबी मुकाबले के लिए कॉम्प्लिमेंट्री टिकट्स की मांगों से काफी हैरान था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मौजूदा चैंपियन होने के कारण परंपरा के अनुसार फाइनल मैच बेंगलुरु में होना था, लेकिन बीसीसीआई ने इस महत्वपूर्ण मैच को अहमदाबाद में स्थानांतरित कर दिया।
फाइनल के लिए ज्यादा टिकट की मांग
सैकिया ने बताया कि आईपीएल के नियमों के अनुसार मेजबान एसोसिएशन को केवल 15 प्रतिशत कॉम्प्लिमेंट्री टिकट्स ही दिए जा सकते हैं, लेकिन KSCA ने लीग मैचों के दौरान कथित तौर पर इससे कहीं ज्यादा टिकट्स की मांग की थी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एएनआई से कहा, ''आईपीएल प्रोटोकॉल के अनुसार, हमें होस्ट एसोसिएशन को कुल सीटिंग क्षमता का केवल 15% ही कॉम्प्लिमेंट्री टिकट्स के रूप में देना होता है। सभी मेजबान राज्य संघों को उनकी कुल क्षमता का 15% हिस्सा मानार्थ टिकटों के रूप में मिलता है। लेकिन हमें विभिन्न स्रोतों से ऐसी जानकारी मिली कि IPL लीग मैचों की मेजबानी के दौरान, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन निर्धारित 15% से कहीं अधिक संख्या में कॉम्प्लिमेंट्री टिकट्स की मांग कर रहा था।''
सैकिया ने कहा कि विवाद तब शुरू हुआ जब बीसीसीआई ने 1 मई को केएससीए को एक ईमेल भेजा, जिसमें दोहराया गया था कि मेज़बान राज्य संघों को स्टेडियम की कुल क्षमता का सिर्फ़ 15 प्रतिशत ही मुफ़्त टिकटों के तौर पर मिल सकता है। बाकी सभी टिकट आम जनता के लिए ऑनलाइन बेचे जाने चाहिए। यह न सिर्फ़ एक आईपीएल नियम है, बल्कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के भी अनुरूप है, जो यह सुनिश्चित करता है कि आम क्रिकेट प्रशंसकों को टिकटों तक उचित पहुंच मिले।
बीसीसीआई सचिव के अनुसार, केएससीए ने 2 मई को अपने जवाब में मंज़ूर कोटे से कहीं ज़्यादा अतिरिक्त टिकटों की मांग की। "15 प्रतिशत मुफ्त टिकट लेने के बाद, वे सदस्यों, क्लबों, आजीवन सदस्यों और अन्य श्रेणियों के लिए एक और बड़ा हिस्सा चाहते थे। सबसे हैरानी की बात यह है कि उन्होंने विधायकों और एमएलसी के लिए 900 मुफ्त टिकटों और कर्नाटक सरकार के लिए 700 और टिकटों की मांग की।'' उन्होंने कहा कि कुल अतिरिक्त मांग 10,000 टिकटों से ज्यादा हो गई थी।
सैकिया ने कहा,"अगर हमने ये सभी मांगें मान ली होतीं, तो आम जनता के लिए सिर्फ़ कुछ हज़ार टिकट ही बचते। यह बीसीसीआई के नियमों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का सीधा उल्लंघन होता।'' सैकिया ने इस बात पर ज़ोर दिया कि जहाँ लीग-चरण के आईपीएल मैच फ्रेंचाइजियों और राज्य संघों द्वारा मिलकर आयोजित किए जाते हैं, वहीं प्लेऑफ़ और फ़ाइनल सीधे बीसीसीआई द्वारा आयोजित किए जाते हैं, जो अपने नियमों को कमज़ोर नहीं कर सकता।
बीसीसीआई ने बुधवार को कहा था कि स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ मांगों के कारण स्थान बदला गया क्योंकि ''इस तरह की मांग बीसीसीआई के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं।'' केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने आईपीएल 2026 की शुरुआत में घोषणा की थी कि बीसीसीआई ने बेंगलुरु को सात मैच की मेजबानी सौंपने का फैसला किया है। इनमें आरसीबी के पांच घरेलू मैच, एक प्लेऑफ और फाइनल शामिल था। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने बुधवार को मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल को बेंगलुरु से अहमदाबाद स्थानांतरित करने के भारतीय क्रिकेट बोर्ड के फैसले पर 'निराशा' व्यक्त की।
बेंगलुरु के बजाय अहमदाबाद लगातार दूसरे सत्र में 31 मई को आईपीएल के फाइनल की मेजबानी करेगा, जबकि क्वालीफायर एक धर्मशाला और दो अन्य प्लेऑफ मैच न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को यह घोषणा की।
पिछले साल चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी। इसके बाद इस स्टेडियम में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल के आखिर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी होगी। यह स्टेडियम 17 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी करेगा। इसके अलावा भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच भी 16 दिसंबर को यहीं खेला जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन