भयंकर चोट लगने के बाद अब कैसी है लुंगी एनगिडी की हालत? मैदान पर आ गई थी एंबुलेंस
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच शनिवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल मैच के दौरान गंभीर चोट लगने के बाद एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी हालत कैसी है, जानिए।

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच शनिवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल मैच के दौरान गंभीर चोट लगने के बाद एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मैदान पर एंबुलेंस आने से स्थित काफी गंभीर और चिंताजनक नजर आ रही थी, लेकिन अब हालिया अपडेट यह है कि उनकी हालत सामान्य हो गई है और आज तक की रिपोर्ट के अनुसार उन्हें शनिवार देर रात अस्तपात से छुट्टी दे दी गई है।
पंजाब की पारी के तीसरे ओवर में लगी थी गंभीर चोट
जीत के लिए 265 रन का पीछा कर रही पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में कप्तान अक्षर पटेल की गेंद पर प्रियांश आर्या के शॉट पर मिड-ऑफ पर खड़े एनगिडी कैच लेने के लिए पीछे की ओर भागे, लेकिन गेंद का सही अनुमान नहीं लगा सके और संतुलन बिगड़ने के कारण गिर पड़े। इस दौरान उनका कंधा और सिर जोर से जमीन से टकराया। मैदान पर गिरते ही एनगिडी ने तुरंत अपना सिर पकड़ लिया और कुछ समय तक जमीन पर ही स्थिर रहे। वह कुछ मिनट तक मैदान पर लेटे रहे, जिसके बाद टीम के फिजियो और डॉक्टर तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के दौरान उनकी गर्दन को स्थिर रखने के लिए नेक ब्रेस लगाया गया। उन्हें मेडिकल जांच के लिए तुरंत दिल्ली के पूसा रोड स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया।
आईपीएल ने जानकारी दी कि एनगिडी की हालत स्थिर है
आईपीएल ने बताया कि 30 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सिरदर्द और गर्दन में दर्द की शिकायत की थी, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। आईपीएल ने 'एक्स' पर कहा, ''दिल्ली कैपिटल्स के लुंगी एनगिडी का सिर पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी टीम के मैच के दौरान कैच लेने की कोशिश करते समय जमीन से टकरा गया। सिरदर्द और गर्दन में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। ‘’ इसमें कहा गया, ''एनगिडी की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। विप्रज निगम 'कनकशन सब्स्टीट्यूट' (चोट लगने पर बदले जाने वाले खिलाड़ी) के तौर पर मैदान पर आए हैं। '' आईपीएल के इस स्टेटमेंट के बाद अगली अपडेट यह आई कि उन्हें देर रात अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वे अब सामान्य स्थिति में हैं।
इस दौरान कैपिटल्स के खिलाड़ी चिंतित नजर आए और मैदान में सन्नाटा पसर गया था। एनगिडी को मेडिकल टीम के सवालों का जवाब देते हुए देखा गया। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के अन्य खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर, साथ ही पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग और दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी भी उनका हालचाल पूछने के लिए वहां पहुंचे।
मैच की बात करें तो एनगिडी के बाहर होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम 265 रनों के स्कोर को नहीं डिफेंड कर सकी और पंजाब किंग्स ने इस मुकाबले को 6 विकेट से जीतकर इतिहास रच दिया। पंजाब किंग्स की टीम ने आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन