ICC भले ही देरी करे BCCI को जल्द बदल देना चाहिए ये नियम, टीमों को हो रहा है नुकसान; अश्विन ने खफा होकर लगाई गुहार
आर अश्विन ने एक नियम को लेकर बीसीसीआई से गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि आईसीसी भले ही इसमें देरी क्यों ना करे, बीसीसीआई को इंपैक्ट सब की तरह आईपीएल में इस नियम को जल्द से जल्द लाना चाहिए।

पूर्व भारतीय स्पिनर और मौजूदा एक्सपर्ट आर अश्विन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई से एक नियम को बदलने की गुहार लगाई है। अश्विन का कहना है कि आईसीसी भले ही इसमें देरी क्यों ना करे, मगर बीसीसीआई को इंपैक्ट सब की तरह इस नियम को आईपीएल में जल्द से जल्द लाना चाहिए। इस नियम के चलते टीमों को कई बार नुकसान उठाना पड़ता है, कमेंटेटर अकसर इस नियम को लेकर आवाज उठाते रहे हैं, मगर बीसीसीआई ने इसमें कोई बदलाव नहीं किया है। आईए जानते हैं अश्विन ने किस नियम की बात की और टीमों को इससे कैसे नुकसान हो रहा है।
DRS के नियम में बदलाव चाहते हैं अश्विन
गुरुवार को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल मैच खेला गया था। पंजाब का स्कोर 19.5 ओवर के बाद 200 रन था। विष्णु विनोद ने जसप्रीत बुमराह की आखिरी गेंद पर पैडल स्कूप खेलने का प्रयास किया, मगर वह नाकाम रहे, गेंद उनके पैड पर लग गई। बुमराह और एमआई के गेंदबाजों ने जोरदार अपील की और अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। विष्णु विनोद तब तक एक रन ले चुके थे, उन्होंने अंपायर द्वारा आउट दिए जाने के तुरंत DRS की मांग की।
थर्ड अंपायर ने पाया कि गेंद ऑफ स्टंप के बाहर जा रही थी, जिस वजह से उन्हें नॉट आउट दिया गया। अब यहां पंजाब किंग्स को 1 रन का नुकसान हुआ। अंपायर द्वारा आउट दिए जाने के बाद बॉल डेड हो गई। DRS की मदद से थर्ड अंपायर द्वारा फैसला पलटे जाने के बावजूद खिलाड़ी ने जो एक रन लिया वो टीम के खाते में नहीं जुड़ा। इससे पंजाब को 1 रन का नुकसान हुआ।
अश्विन इसी नियम में बदलाव चाहते हैं। उनका कहना है कि अगर अंपायर के फैसले से पहले खिलाड़ी जो रन लेता है, जो एक्शन पूरा करता है, मगर DRS से अंपायर का फैसला पलटा जाता है तो टीम को वह रन मिलना चाहिए। अभी तक ना तो इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा रूल है और ना ही आईपीएल में।
अश्विन ने X पर की मांग
आर अश्विन ने X पर लिखा, ‘गलत फैसले की वजह से पंजाब को एक रन का नुकसान हुआ है, इस नियम को जल्द से जल्द बदलने की जरूरत है! जैसे “IMPACT SUB” IPL का नियम है, वैसे ही DRS को पलटने को भी IPL में लाना चाहिए, भले ही ICC किसी वजह से इसमें देरी करे।’
कैसा रहा PBKS vs MI मैच?
शार्दुल ठाकुर की धारदार गेंदबाजी बाद तिलक वर्मा के तूफानी अर्धशतक से मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया जो मेजबान टीम की लगातार पांचवीं हार है।
पंजाब के 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई की टीम ने तिलक वर्मा (75 रन, 33 गेंद, छह चौके, छह छक्के) के तेजतर्रार अर्धशतक और विल जैक्स (10 गेंद में नाबाद 25, दो चौके, दो छक्के) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 20 गेंद में 56 रन की अटूट साझेदारी से 19.5 ओवर में चार विकेट पर 205 रन बनाकर जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन (48) ने भी उम्दा पारी खेली। तिलक ने शेरफेन रदरफोर्ड (20) के साथ भी चौथे विकेट के लिए 61 रन जोड़े।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (57 रन, 32 गेंद, छह चौके, चार छक्के) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा प्रियांश आर्य (22) के साथ पहले विकेट के लिए 50 और कूपर कोनोली (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़कर पंजाब को ठोस मंच प्रदान किया लेकिन शारदुल (39 रन पर चार विकेट) ने बीच के ओवरों में मुंबई को जोरदार वापसी दिलाई। दीपक चाहर ने भी 36 रन देकर दो विकेट चटकाए। अजमतुल्लाह उमरजई ने हालांकि अंत में 17 गेंद में दो चौकों और चार छक्कों से 38 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर आठ विकेट पर 200 रन तक पहुंचाया।
लगातार पांचवीं बार के बाद पंजाब की टीम 12 मैच में 13 अंक के साथ चौथे स्थान पर है। मुंबई की टीम नौवें स्थान पर है। उसके 12 मैच में आठ अंक हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन