विराट कोहली का कैच छोड़ना भारी पड़ा; KKR कोच नायर का कबूलनामा, गावस्कर बोले- सजा तो मिलेगी ही
केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर ने कबूल किया है कि विराट कोहली का कैच छोड़ना उनकी टीम को भारी पड़ा। रोवमैन पावेल ने उनका कैच तब छोड़ा था जब वह सिर्फ 21 रन पर थे। वहीं महान सुनील गावस्कर ने कहा है कि शुरुआत में ही आप कोहली का कैच नहीं छोड़ सकते। वह हर पल आपको इसकी सजा देंगे।

पारी की शुरुआत में ही अगर किसी बल्लेबाज का कैच छूट जाए तो गेंदबाजी करने वाली टीम को भारी तो पड़ेगा ही। और अगर वो कैच विराट कोहली का हो तब तो समझिए वो कैच नहीं, बल्कि मैच छूटा है। बुधवार को आरसीबी और केकेआर के मुकाबले में भी ऐसा ही हुआ। केकेआर ने शुरुआत में ही कोहली का कैच ड्रॉप किया। उसके बाद तो किंग कोहली नाबाद शतक जड़कर आरसीबी को जीताकर ही लौटे। महान सुनील गावस्कर ने जियोस्टार एक्सपर्ट के तौर पर स्टार स्पोर्ट्स 'अमूल क्रिकेट लाइव' में कहा है कि आप कोहली की पारी की शुरुआत में ही उनका कैच ड्रॉप नहीं कर सकते। केकेआर के कोच अभिषेक शर्मा ने भी मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कबूल किया कि कोहली का कैच टपकाना टीम को भारी पड़ा।
जियोस्टार एक्सपर्ट गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' पर कोहली का कैच छूटने को लेकर कहा, ‘आरसीबी-केकेआर मैच से पहले तक इस सीजन में केकेआर कैच पकड़ने के मामले में आईपीएल की बेस्ट टीम थी, कुछ कैच छोड़ने के बाद भी। वे टेबल में टॉप पर थे। लेकिन ये वाला उन्हें बुरी तरह चुभेगा। रोवमैन पॉवेल इस सीजन में कुछ बहुत ही जबरदस्त कैच ले चुके हैं। वह 30 गज के सर्कल के भीतर फील्डिंग कर रहे थे। उनके पास विराट कोहली को जल्द आउट करने का मौका था। वह ऊंचा कूदे, टाइमिंग भी अच्छी रखे लेकिन गेंद उनके हाथ से फिसल गई।’
गावस्कर ने आगे कहा, 'आप कोहली का कैच उनकी पारी की शुरुआत में ही नहीं छोड़ सकते। वह हर वक्त आपको उसकी कीमत चुकवाएंगे। एलएसजी को ये सबक मिला था। आप उन्हें शुरुआत में जीवनदान दीजिए, फिर वह दोनों हाथ से उसे लपकेंगे। उन्होंने शतक जड़ा और केकेआर को कैच टपकाने के लिए पछताने को मजबूर किया। महान खिलाड़ी ऐसा ही करते हैं। वे आपको दूसरा मौका नहीं देते। वे आपको गलतियों की सजा देते हैं और मैच पलट देते हैं।'
कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच अभिषेक नायर ने भी स्वीकारा है कि पारी की शुरूआत में विराट कोहली का कैच टपकाना उनकी टीम पर भारी पड़ा और कोहली ने नाबाद शतक जमाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को आईपीएल मैच में छह विकेट से जीत दिलाई।
कोहली को कार्तिक त्यागी की गेंद पर रोवमैन पावेल ने जब जीवनदान दिया तब उनका स्कोर 21 रन था। कोहली ने 60 गेंद में नाबाद 105 रन बनाए। जीत के लिए 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली और देवदत्त पडिक्कल (39) ने दूसरे विकेट के लिये 92 रन की साझेदारी की।
नायर ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा,'जब लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली का कैच आप छोड़ देते हैं तो राह बहुत मुश्किल हो जाती है।'
नायर ने कहा कि केकेआर ने अच्छे रन बनाये थे लेकिन छोटी-छोटी गलतियों के कारण मैच उनके हाथ से निकल गया। उन्होंने कहा,'जैसा कि मैंने पहले कहा कि स्कोर अच्छा था। लेकिन कई चीजें बेहतर हो सकती थी। विराट का कैच काफी कठिन था।'
कोच का मानना है कि वरुण चक्रवर्ती की कमी भी टीम को खली।
उन्होंने कहा,'आखिर में क्रिकेट में ऐसा होता है। अगर 10-15 रन और होते तो मैच बदल सकता था। ये कैच लपके जाते तो मैच की स्थिति कुछ और होती। वरुण चक्रवर्ती खेलता तो भी हालात कुछ और होते।'
नायर ने स्वीकार किया कि केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण सुनील नारायण और चक्रवर्ती पर बहुत निर्भर है। उन्होंने कहा,'इसमें कुछ छिपा नहीं है कि सुनील और वरुण का संयोजन हमारे लिये काफी कामयाब रहा है। हमें इस सत्र में वरुण की कमी काफी खली है। उसे दूसरी बार फ्रेक्चर हुआ है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें उसकी कमी खली।'
(भाषा से भी इनपुट)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन