रवींद्र जडेजा की फिरकी के सामने घुटने टेक देते हैं शिवम दुबे और सरफराज खान, आंकड़े देते हैं गवाही
शिवम दुबे और सरफराज खान रवींद्र जडेजा की गेंदबाजी के आगे घुटने टेक देते हैं और आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं। टी-20 क्रिकेट में जड़ेजा ने कभी इन दो बल्लेबाजों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया है।

गुवाहटी के बारसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स मजबूत स्थिति में दिख रही है। 100 से कम के स्कोर में टीम ने सीएसके के 8 विकेट आउट कर दिए हैं। पहली बार राजस्थान रॉयल्स की टीम से खेलने वाले रवींद्र जडेजा ने शिवम दुबे और सरफराज खान को एक ही ओवर में पवेलियन भेज दिया। सरफराज को जडेजा ने एलबीडब्ल्यू करा दिया। इसके बाद शिवम दुबे ने आते ही अगली गेंद पर छक्का मारा। हालांकि, इसके बाद जडेजा ने बाजी मारी और उन्हें भी रवि बिश्नोई के हाथों कैच करा दिया।
इन दोनों बल्लेबाजों के खिलाफ रवींद्र जडेजा टी-20 क्रिकेट में हमेशा हावी रहे हैं और आंकड़े इसकी गवाही देते हैं। सरफराज खान की बात करें तो उन्होंने अब तक रवींद्र जडेजा का टी-20 क्रिकेट में कुल चार बार सामना किया है, जिसमें 25 गेंदें खेली हैं और 132.0 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 33 रन बनाए हैं। इस दौरान जडेजा ने दो पारियों में सरफराज को आउट भी किया है, जो एक गेंदबाज के लिए बेहतर आंकड़ा माना जाता है और उन्हें बल्लेबाज के खिलाफ मनोवैज्ञानिक बढ़त दिलाता है। सरफराज खान ने आज के मैच में आउट होने से पहले 12 गेंदों में 17 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 1 और एक छक्का जड़ा। खान का आज के मैच में स्ट्राइक रेट 141.67 का रहा, लेकिन वे बड़ी पारी खेलने में असफल रहे और उन्हें जडेजा ने कम स्कोर पर ही चलता कर दिया।
जडेजा के खिलाफ आईपीएल 2026 की शुरुआत छक्के से करने वाले शिवम दुबे को भी ऑलराउंडर ने ज्यादा देर नहीं टिकने दिया। पारी का आठवां ओवर डालने आए बुमराह ने पहले तो ओवर की दूसरी गेंद पर सरफराज खान को आउट किया, लेकिन उनकी तीसरी गेंद पर दुबे ने आते ही छक्का जड़ दिया। इसके बाद जडेजा ने अगली दो गेंदों पर दुबे को बांधे रखा और ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने गए दुबे बिश्नोई के हाथों कैच हो गए। वे केवल चार गेंदों में 6 रन ही बना सके।
शिवम दुबे भी जडेजा के सामने ज्यादा देर नहीं टिक पाते हैं और आंकड़े इसकी गवाही देते हैं। शिवम दुबे ने जडेजा को टी-20 क्रिकेट में अब तक 3 बार फेस किया है, जिसमें उन्होंने 13 गेंदें खेली हैं और 18 रन बनाए हैं। इस दौरान दुबे का स्ट्राइक रेट 138.5 का रहा है, हालांकि, उन्हें दो बार जडेजा ने आउट भी किया है। इस तरह जडेजा ने दुबे को तीन पारियों में दो बार पवेलियन भेजा है, जो उन्हें मनोवैज्ञानिक बढ़त दिलाता है और इसका नजारा आज के मैच में भी देखने को मिला।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन