कूपर कोनोली के तूफानी शतक पर फिरा पानी; मगर फिर भी लिख दी IPL की रिकॉर्ड बुक में नई कहानी
कूपर कोनोली के तूफानी शतक पर पानी फिर गया। पंजाब किंग्स के लिए उन्होंने शतक जड़ा, मगर टीम को हार मिली। बावजूद इसके कोनोली ने IPL की रिकॉर्ड बुक में एक नई कहानी लिख डाली।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पंजाब किंग्स उन्हीं के होम ग्राउंड पर 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी। पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन बना सकी और मुकाबला 34 रनों के अंतर से हार गई। इस हार में पंजाब के लिए कई नेगेटिव पॉइंट्स रहे, लेकिन सबसे ज्यादा सकारात्मक बात यही रही कि कूपर कोनोली ने तूफानी शतक जड़ा। कूपर कोनोली के इस शतक पर भले ही पानी फिर गया, लेकिन उन्होंने आईपीएल की रिकॉर्ड बुक में एक नई कहानी लिख डाली।
कूपर कोनोली आईपीएल के इतिहास के सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले ओवरसीज बल्लेबाज बन गए हैं। कूपर कोनोली ने साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को पीछे छोड़ा है। 10 साल पुराना रिकॉर्ड कोनोली ने ध्वस्त किया है। साल 2016 में आरसीबी के खिलाफ बेंगलुरु में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए खेलते हुए क्विंटन डिकॉक ने 23 साल 122 दिन की उम्र में शतक जड़ा था और वे सबसे कम उम्र में आईपीएल में शतक जड़ने वाले विदेशी बल्लेबाज बने थे।
वहीं, कूपर कोनोली ने महज 22 साल और 257 दिनों की उम्र में आईपीएल में शतक ठोका है। उन्होंने 2026 के आईपीएल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पंजाब किंग्स के लिए यह करिश्माई पारी खेली। उन्होंने 59 गेंदों में 7 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 107 रनों की पारी खेली। पारी पर हार की वजह से पानी फिर गया, लेकिन नया रिकॉर्ड उन्होंने आईपीएल में कायम कर दिया। डेविड वॉर्नर ने 2010 में केकेआर के खिलाफ 23 साल 153 दिनों की उम्र में शतक जड़ा था। डेविड मिलर ने 23 साल 330 दिनों की उम्र में आरसीबी के खिलाफ शतक जड़ा था। कैमरोन ग्रीन लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं, जिन्होंने एसआरएच के खिलाफ एमआई के लिए 23 साल 352 दिनों की उम्र में शतक जड़ा था।
IPL में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के विदेशी बल्लेबाज
22 साल 257 दिन - कूपर कोनोली (PBKS) बनाम SRH, हैदराबाद, 2026*
23 साल 122 दिन - क्विंटन डी कॉक (DD) बनाम RCB, बेंगलुरु, 2016
23 साल 153 दिन - डेविड वार्नर (DD) बनाम KKR, दिल्ली, 2010
23 साल 330 दिन - डेविड मिलर (KXIP) बनाम RCB, मोहाली, 2013
23 साल 352 दिन - कैमरून ग्रीन (MI) बनाम SRH, वानखेड़े, 2023
आपको बता दें, कूपर कोनोली उस समय बल्लेबाजी के लिए आए थे, जब पहले ओवर की आखिरी गेंद पर प्रियांश आर्या आउट हो गए थे। इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर प्रभसिमरन भी आउट हो गए थे। यहां तक नंबर चार के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने पहली गेंद का सामना कर लिया था, लेकिन कूपर कोनोली अभी भी नॉन स्ट्राइक एंड पर थे। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि वे आखिर तक एक छोर पर डटे रहे। टीम को 200 के पार पहुंचाया, लेकिन दूसरे छोर से उनको इतना साथ नहीं मिला। यही कारण रहा कि पंजाब को इस मैच में हार मिली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन