बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैच कराने को हरी झंडी, KSCA को मिली आखिरी मंजूरी
कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी।

कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी।
इसके साथ ही इस स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर पिछले लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई। पिछले साल आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद यहां आयोजित किए गए समारोह के दौरान मची भगदड़ में कुछ लोगों की जान चली गई थी।
आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति, केएससीए, आरसीबी और उनकी प्रबंधन कंपनी डीएनए के प्रतिनिधियों के बीच बैठक के बाद कर्नाटक सरकार ने औपचारिक मंजूरी दी।
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से जारी मीडिया रिलीज में कहा गया, ‘हमें आपको बताते हुए ये खुशी है कि आज सुबह विधान सौधा में कर्नाटक के गृह मंत्री माननीय डॉक्टर जी परमेश्वर की अध्यक्षता में एक्सपर्ट कमिटी के साथ बैठक हुई। इसमें केएससीए, आरसीबी और डीएनए के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मीटिंग के दौरान एक्सपर्ट कमिटी ने अपनी रिपोर्ट पेश की जिसमें एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में तैयारियों और उपायों के बारे में बताया गया।’
बयान में आगे कहा गया है, 'एक्सपर्ट कमिटी की सिफारिशों के आधार पर और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा के बाद माननीय गृह मंत्री ने औपचारिक तौर पर बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल के आने वाले मैचों को कराने की मंजूरी दे दी है।'
आरसीबी ने इससे पहले घोषणा कर दी थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मैच बेंगलुरु में जबकि दो मैच रायपुर में खेलेगा।
पिछले हफ्ते बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के पहले 16 दिनों का शेड्यूल जारी किया था। बेंगलुरु में पहला मैच प्रस्तावित था लेकिन बीसीसीआई ने साफ तौर पर कहा था कि वहां मैच तभी होगा जब एक्सपर्ट कमिटी उसके लिए हरी झंडी देगी।
पिछले साल आरसीबी के जश्न के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हुई थी। उसके बाद से ही इस स्टेडियम में कोई भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट मैच नहीं हुआ है। स्टेडियम में सेफ्टी प्रोटोकॉल को लेकर भी सवाल उठे थे। हालांकि, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट प्रेसिडेंट के पद पर चुने जाने के बाद भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने कहा था कि वह चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट को वापस लेकर आएंगे।
(भाषा से इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन