IPL 2026 में सभी 10 टीमों के कप्तानों की लिस्ट, राजस्थान रॉयल्स-सनराइजर्स हैदराबाद ने चुने युवा लीडर
आईपीएल 2026 में ज्यादातर टीमों के कप्तान भारतीय खिलाड़ी हैं। इसमें से रजत पाटीदार और श्रेयस सबसे सफल रहे हैं क्योंकि दोनों ही आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान हैं। इस सीजन भी फ्रेंचाइजी ने अपने टीमों के कप्तान बदले हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन का आगाज कुछ दिन में होने वाला है। ज्यादातर टीमों ने ट्रेनिंग शुरू कर दी है, हालांकि इस बार हाल ही में समाप्त हुए विश्व कप के कारण कुछ खिलाड़ी देरी से टीम से जुड़ रहे हैं। 28 मार्च से शुरू होने वाले इस महाकुंभ के लिए सभी 10 टीमों ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। इस बार सभी टीमों में ज्यादातर भारतीय कप्तान ही नजर आएंगे। सनराइजर्स हैदराबाद ने बुधवार को शुरुआती मैचों के लिए ईशान किशन को फटीम का कप्तान बनाया है, वहीं डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम एक बार फिर अपने चैंपियन कप्तान राजत पाटीदार के नेतृत्व में टाइटल डिफेंड करने उतरेगी। नीलामी के दौरान खिलाड़ियों की बोली ने पुराने कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए थे और फ्रेंचाइजी ने काफी महंगी बोली लगाकर खिलाड़ियों को चुना है। पिछले सीजनों की तरह इस बार भी कई टीमों ने अपने कप्तान बदले हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स (ऋतुराज गायकवाड़)
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल के इतिहास में सिर्फ चार ही कप्तान चुने हैं। एमएस धोनी लंबे समय तक टीम के कप्तान रहे थे। उनकी कप्तानी में टीम पांच बार चैंपियन बनी है। आईपीएल 2026 में टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ संभालेंगे। जोकि 2025 से टीम के कप्तान नियुक्त हैं। एमएस धोनी की विरासत को आगे बढ़ाते हुए ऋतुराज गायकवाड़ लगातार तीसरे साल सीएसके का नेतृत्व कर रहे हैं। ऋतुराज गायकवाड़ ने अभी तक बतौर कप्तान 19 मैचों में सिर्फ 8 जीत हासिल की है।
सनराइजर्स हैदराबाद (ईशान किशन/पैट कमिंस)
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने गुरुवार को ईशान किशन को आईपीएल 2026 के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया है। हालांकि वह सिर्फ शुरुआती मैचों के लिए टीम के कप्तान रहेंगे। क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट से उबर रहे हैं। वहीं अभिषेक शर्मा उप कप्तान होंगे। किशन को आईपीएल में कप्तानी का अनुभव नहीं है। हालांकि पिछले साल उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड़ को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया था। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे थे। किशन हैदराबाद के 11वें कप्तान बने हैं।
मुंबई इंडियंस (हार्दिक पांड्या)
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम इस बार फिर मैदान पर खेलने उतरेगी। मुंबई इंडियंस ने नौ कप्तान अब तक बनाए हैं और रोहित शर्मा के हटने के बाद हार्दिक पांड्या ने टीम की कमान संभाली है। आईपीएल 2024 में हार्दिक के कप्तान बनाए जाने के बाद टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। हालांकि 2025 में उन्होंने टीम को ऊपर उठाया। हार्दिक ने 2022 में गुजरात टाइटंस को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया था। आईपीएल में बतौर कप्तान उन्होंने 60 मैच खेले हैं, जिसमें टीम ने 35 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
पंजाब किंग्स (श्रेयस अय्यर)
पंजाब किंग्स ने आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा कप्तान बनाए हैं। पंजाब ने अलग-अलग सीजन में कुल 17 कप्तान चुने हैं। हालांकि आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर को बतौर कप्तान टीम में जगह दी और उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचा दिया था। श्रेयस अय्यर ने कोलकाता नाइट राइडर्स को अपनी कप्तानी में ही चैंपियन बनाया था और अब पंजाब को ट्रॉफी दिलाने की कोशिश में हैं। श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान आईपीएल के 87 मैचों में से 48 मैच में जीत हासिल की है।
राजस्थान रॉयल्स (रियान पराग)
आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने युवा बल्लेबाज रियान पराग को टीम की कमान सौंपी है। रियान पिछले सीजन भी कई मैचों में टीम की कप्तानी करते हुए दिखे थे लेकिन उनके लिए टीम को जीत दिलाने में पसीने छूट गए थे। हालांकि आईपीएल 2025 में संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में रियान को कप्तानी का मौका मिला था लेकिन इस बार वह पूरे सीजन के लिए टीम की कप्तानी करेंगे, ऐसे में राजस्थान से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। पिछले आईपीएल सीजन में उन्होंने आठ मैचों में टीम की कमान संभाली और सिर्फ दो में जीत दर्ज कर सके।
गुजरात टाइटंस (शुभमन गिल)
भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल गुजरात टाइटंस के कप्तान हैं। उन्होंने 2024 में टीम की कमान संभाली थी और उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ सीजन में बेहतर हुआ है। गुजरात टाइटंस की टीम 2022 में हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में चैंपियन बनी थी और फिर अगले सीजन (2023) फाइनल तक का सफर तय किया था। शुभमन गिल ने आईपीएल में कुल 27 मैचों में कप्तानी की है और टीम ने 14 मैचों में जीत दर्ज की है।
कोलकाता नाइट राइडर्स ( अजिंक्य रहाणे)
अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे पिछले सीजन से कोलकाता नाइट राइडर्स की कमान संभाल रहे हैं। वह कोलकाता का नेतृत्व करने वाले नौवें कप्तान हैं। गौतम गंभीर और श्रेयस ही ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने केकेआर को ट्रॉफी दिलाई है। पिछले साल टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और टीम आठवें स्थान पर रही। कोलकाता ने नीलामी में कैमरन ग्रीन को 25.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिन पर सबकी नजरें रहेंगी। स्टार क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल में बतौर कप्तान कुल 38 मैचों में टीमों की कप्तानी की हैं और 14 में जीत दिलाई है। वह कप्तान रहते हुए 24 मुकाबला हारे हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (रजत पाटीदार)
रजत पाटीदार के नेतृत्व में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने पहली बार ट्रॉफी जीती है। पाटीदार ने बतौर कप्तान पहली बार में ही बेंगलुरु को चैंपियन बना दिया। आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा समय तक विराट कोहली कप्तान रहे थे लेकिन वह टीम को कई बार ट्रॉफी के करीब तक ले गए लेकिन जीत नहीं दिला सके। रजत पाटीदार बेंगलुरु के आईपीएल इतिहास के नौवें कप्तान हैं। रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 15 मुकाबले खेलते हुए 11 में बाजी मारी है।
दिल्ली कैपिटल्स ( अक्षर पटेल)
दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा कप्तान बदलने वाली दूसरी टीम है। दिल्ली ने कुल 14 खिलाड़ियों की टीम कमान सौंपी है। अक्षर पटेल मौजूदा समय में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। अक्षर को टीम ने 2024 में कप्तान चुना था लेकिन उनकी कप्तानी में टीम ज्यादा लंबे समय तक टूर्नामेंट में टिक नहीं सकी। अक्षर पटेल ने आईपीएल में 14 मैचों में कप्तानी की है और टीम को 6 मैच में जीत दिलाया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स (ऋषभ पंत)
लखनऊ की टीम ने 2022 में आईपीएल डेब्यू किया था। तब टीम ने केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी थी। हालांकि सफलता नहीं मिली। राहुल सहित टीम ने अब तक चार कप्तान बनाए हैं। इस समय ऋषभ पंत टीम की कमान संभाल रहे हैं। पंत ने पिछले साल ही टीम का नेतृत्व किया था और उनकी कप्तानी में टीम ने 14 मैच खेलते हुए 6 में जीत दर्ज की। बतौर कप्तान ऋषभ पंत ने आईपीएल में 57 मैचों में टीम का नेतृत्व किया है, जिसमें से 29 मुकाबलों में टीम को जीत नसीब हुई।





साइन इन