राजस्थान रॉयल्स जीत की पटरी पर लौटी, लखनऊ ने लगातार चौथा मुकाबला गंवाया
राजस्थान रॉयल्स ने बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में 40 रनों से शिकस्त दी। लखनऊ की लगातार चौथी हार है, जबकि राजस्थान को जारी सीजन में 5वीं जीत मिली।

राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रन से शिकस्त दी। राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट पर 159 रन बनाने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी को 18 ओवर में 119 रन पर समेट दिया। सुपर जायंट्स के लिए मिचेल मार्श ने 41 गेंदों में सबसे ज्यादा 55 रन का योगदान दिया। उन्हें हालांकि दूसरे छोर से किसी और का साथ नहीं मिला।रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर ने तीन, जबकि नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। लखनऊ की आईपीएल 2026 में पांचवीं हार है, जबकि राजस्थान ने जारी सीजन में 5वां मुकाबला जीता है। पॉइंट्स टेबल में राजस्थान की टीम 10 अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स 4 अंक के साथ नौवें स्थान पर है। 'प्लेयर ऑफ द मैच' जडेजा ने 29 गेंद में नाबाद 49 रन की पारी खेलने के बाद गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 29 रन देकर एक विकेट लिया।
मार्श ने खेली दमदार पारी
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के तीन बल्लेबाज पावरप्ले में बिना खाता खोले आउट हुए। आयुष बडोनी रन आउट हुए। इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौटे। अनुभवी बल्लेबाज एडन मार्करम का बल्ला नहीं चला और वह भी खाता नहीं खोल सके। इसके बाद पूरन ने मार्श के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 41 गेंद में 43 रन जोड़े। निकोलस पूरन 25 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। हिम्मत सिंह ने 15 गेंद में 15 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा रन बनाए। मार्श ने 41 गेंद में 55 रन बनाए। मार्श ने बायें हाथ के स्पिनर जडेजा के खिलाफ 12वें ओवर में लगातार दो चौके लगाकर रनगति तेज करने की कोशिश की। इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर आए हिम्मत सिंह (15) ने जडेजा के खिलाफ छक्का लगाया, लेकिन 15वें ओवर में रवि बिश्नोई के खिलाफ ऐसे ही प्रयास में बोल्ड हो गए।
मुकुल चौधरी ने इसी ओवर में बड़ा छक्का लगाया, जबकि मार्श ने अगले ओवर में बर्गर के खिलाफ छक्के के साथ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी हालांकि इसी ओवर में पराग को कैच देकर समाप्त हुई। पराग ने 17वें ओवर में बृजेश शर्मा की गेंद पर एक और शानदार कैच पकड़कर मुकुल चौधरी (सात) को पवेलियन भेज दिया, जिससे सुपर जायंट्स की हार लगभग तय हो गई।पुछल्ले बल्लेबाज इसके बाद ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सके।
राजस्थान की पारी
इससे पहले मोहम्मद शमी और मोहसिन खान की अगुवाई में लखनऊ सुपर जायंट्स के भारतीय गेंदबाजों के आक्रमण ने राजस्थान रॉयल्स की मजबूत बल्लेबाजी को छह विकेट पर 159 रन पर रोक दिया। यह लगातार तीसरा मैच है जब राजस्थान रॉयल्स का शीर्ष क्रम पूरी तरह विफल रहा है, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही है। अनुभवी गेंदबाज शमी (चार ओवर में 30 रन पर दो विकेट) एक बार फिर अपने कौशल के बूते सबसे अलग नजर आए, जबकि लंबे कद के मोहसिन (चार ओवर में 17 रन पर दो विकेट) बेहद अनुशासित रहे । उन्होंने शानदार स्विंग और उछाल भरी गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया।
दोनों गेंदबाजों ने मिलकर राजस्थान के चार प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। शमी ने यशस्वी जायसवाल (22) और ध्रुव जुरेल (शून्य) को लगातार गेंदों पर आउट किया, जबकि मोहसिन ने वैभव सूर्यवंशी (11 गेंदों पर आठ रन) और शिमरॉन हेटमायर (18 गेंदों पर 22) को अलग-अलग स्पेल में आउट किया।
तेजी से उभरते प्रिंस यादव (चार ओवर में 29 रन पर दो विकेट) ने भी अपनी स्विंग गेंदों से आक्रमण को मजबूती दी जबकि लंबे समय के बाद वापसी कर रहे मयंक यादव (चार ओवर में बिना किसी सफलता के 56 रन) लय में नहीं दिखे और सबसे महंगे साबित हुए। रॉयल्स के शीर्ष क्रम के चरमराने के बाद कप्तान रियान पराग एक बार फिर बल्ले से प्रभावित करने में नाकाम रहे। उनके लचर प्रदर्शन ने उनकी कप्तानी को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
वैभव-यशस्वी का नहीं चला बल्ला
सुपर जायंट्स के गेंदबाजों ने बड़ी संख्या में डॉट गेंदें डालकर रॉयल्स को कम स्कोर पर रोक दिया। शमी (15 डॉट गेंदें) और मोहित (11 डॉट गेंदें) ने मिलकर 26 डॉट गेंदें फेंकी, वहीं प्रिंस यादव ने भी 13 डॉट गेंदों का शानदार योगदान दिया। शमी ने यशस्वी जायसवाल को तेज बाउंसर पर फंसाया। जायसवाल ने अचानक उछाल लेने वाली गेंद पर हुक शॉट खेलने की कोशिश की और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने एक हाथ से शानदार कैच लपक लिया। उन्होंने अगली गेंद पर जुरेल को चलता किया। इस बार फुल लेंथ की गेंद विकेट के सामने टप्पा खाने के बाद थोड़ी बाहर की ओर निकली और जुरेल के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए पंत के दस्तानों में चली गई।
मोहसिन ने शानदार तरीके से सूर्यवंशी को फंसाया। उन्होंने लगातार पांच डॉट गेंदें डालने के बाद अंतिम गेंद पर 142 किमी/घंटा की तेज कटर डाली, जिस पर बल्लेबाज ने गलत टाइमिंग से शॉट खेला और गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से हवा में लहरा गई। दिग्वेश राठी ने उलटी दिशा में दौड़ते हुए शानदार कैच लपका। रॉयल्स की पारी इसके बाद कभी भी गति नहीं पकड़ सकी। रियान पराग ने एक बार फिर दबाव में हेलीकॉप्टर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन उनकी असफलता टीम पर भारी पड़ती रही।
अनुभवी रविंद्र जडेजा (29 गेंदों में नाबाद 43 रन) और युवा शुभम दुबे (11 गेंद में नाबाद 19 रन) ने 26 गेंद में 49 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के स्कोर को 159 रन तक पहुंचाया। इस जोड़ी ने आखिरी ओवर में मयंक के खिलाफ 20 रन बटोरे।





साइन इन