श्रेयस अय्यर चेज करने के मामले में विराट कोहली को दे रहे टक्कर, आकाश चोपड़ा ने दिग्गज से की तुलना
आकाश चोपड़ा ने श्रेयस अय्यर की तारीफ करते हुए उन्हें नया चेज मास्टर बताया है। उन्होंने विराट कोहली से उनकी तुलना की है। श्रेयस अय्यर ने हाल में पंजाब को लक्ष्य का पीछा करते हुए कई मैचों में जीत दिलाई है।

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में हैं। उनकी कप्तानी में पंजाब की टीम अभी तक अजेय रही है। शुरुआती 24 मुकाबले हो जाने के बाद पंजाब ही एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने कोई मुकाबला नहीं गंवाया है। कप्तानी के साथ-साथ श्रेयस बैटिंग में भी कमाल कर रहे हैं। उन्होंने जारी सीजन में लगातार तीन पारियों में अर्धशतक लगाया है। उनके नेतृत्व में पंजाब ने चार मुकाबले जीते हैं और इस दौरान श्रेयस अय्यर ने कई मैचों में लक्ष्य का पीछा करते हुए दमदार पारी खेली है, जिसके चलते भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने उनकी तुलना चेज मास्टर विराट कोहली से की है।
कोहली से की तुलना
पंजाब किंग्स ने अभी तक सभी मुकाबले रन चेज करते हुए जीते हैं और इसमें श्रेयस अय्यर का बहुत बड़ा योगदान रहा है। श्रेयस अय्यर ने गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में 35 गेंद में 66 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। आकाश चोपड़ा ने कहा, ''अय्यर नए चेज मास्टर हैं। हम विराट कोहली की बातें करते हैं, अगर हम उनके साथ किसी और का नाम जोड़ रहे हैं, तो ये अपने आप में उपलब्धि है। यह सच है कि उसके आंकड़े भी उसके जैसे ही हैं। पिछले दो सालों में चेज में उसका औसत 65 और स्ट्राइक रेट 180 है।''
विराट कोहली ने आईपीएल में चेज करते हुए 126 पारियों में 4000 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं श्रेयस अय्यर ने पिछले कुछ सीजन में चेज करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
उन्होंने आगे कहा, ''वह मैच खत्म करने के बाद ही वापस जाता है। इस बार भी वो आउट हुआ, लेकिन मैच तो खत्म हो चुका था। चेन्नई के खिलाफ भी वो आउट हुआ था, लेकिन तब भी मैच खत्म हो चुका था। एक-दो बार जरूर आउट हुआ होगा, वरना एवरेज 80 हो जाता। श्रेयस सिर्फ दरवाजा खटखटा नहीं रहा है, बल्कि वह उसे तोड़ने जा रहा है। वह इस तरह की बल्लेबाजी कर रहा है।''
श्रेयस अय्यर महत्वपूर्ण स्थितियों में अपने साथियों से एक पायदान ऊपर रहे हैं। उनके टीम के साथी नेहल वढेरा ने बुधवार को कहा, ''मैं हाल ही में उनसे (अय्यर) बात कर रहा था, और उन्होंने कहा कि प्रेशर लेना उनका काम है। यह एक कप्तान के रूप में उनके बारे में बहुत कुछ बताता है। वह दबाव का आनंद लेते हैं।"
पंजाब किंग्स की टीम मुंबई के 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन की 39 गेंद में 11 चौकों और दो छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी और कप्तान श्रेयस अय्यर (66 रन, 35 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) के साथ उनकी तीसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी की बदौलत 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाकर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही।





साइन इन