INDW vs AUSW Brisbane ODI Result World champion Team India crushed by Australia Harmanpreet Mandhana fifty went in vain ब्रिस्बेन वनडे: वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया ने रौंदा, हरमन और मंधाना की फिफ्टी धरी रह गई, Cricket Hindi News - Hindustan

ब्रिस्बेन वनडे: वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया ने रौंदा, हरमन और मंधाना की फिफ्टी धरी रह गई

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ब्रिस्बेन वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने बुरी तरह रौंदा। कप्तान हरमनप्रीत कौर और ओपनर स्मृति मंधाना की फिफ्टी धरी रह गई। महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतने के बाद यह भारत का पहला वनडे मैच था।

Tue, 24 Feb 2026 04:33 PMMd.Akram ब्रिस्बेन, भाषा
share
ब्रिस्बेन वनडे: वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया ने रौंदा, हरमन और मंधाना की फिफ्टी धरी रह गई

एशले गार्डनर की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन तथा बेथ मूनी और कप्तान एलिसा हीली के अर्धशतकों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को ब्रिस्बेन में पहले महिला वनडे में भारत को 70 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में शुरुआती बढ़त हासिल की। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर (84 गेंदों में 53 रन) और उप कप्तान स्मृति मंधाना (68 गेंदों में 58 रन) के अर्धशतकों के बावजूद उसकी टीम 48.3 ओवर में 214 रन पर आउट हो गई।

पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी

ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और उसने केवल 38.2 ओवर में चार विकेट पर 217 रन बनाए। हीली (70 गेंद पर 50 रन) के अर्धशतक की मदद से उसने अच्छी शुरुआत की। इसके बाद मूनी (79 गेंद पर 76 रन) और एनाबेल सदरलैंड (44 गेंद पर नाबाद 48 रन) ने चौथे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत सुनिश्चित की। हीली और फोबे लिचफील्ड (32 गेंद पर 32 रन) ने सहजता से रन बटोरते हुए पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत ने बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (41 रन देकर दो विकेट) को 11वें ओवर में गेंद सौंपी। उन्होंने अपनी तीसरी गेंद पर ही लिचफील्ड को विकेट के पीछे कैच करा कर भारत को पहली सफलता दिलाई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, सबसे अधिक मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बनीं

हीली ने 69 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया

श्री चरणी ने अगली गेंद पर नई बल्लेबाज जॉर्जिया वॉल को कवर में मंधाना के हाथों कैच आउट कराया। हीली ने इसके बाद मूनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। अपनी आखिरी अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेल रही हीली ने 69 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके तुरंत बाद क्रांति गौड़ की गेंद पर स्क्वायर कट लगाकर बैकवर्ड प्वाइंट पर खड़ी जेमिमा रोड्रिग्स को कैच दे बैठी। मूनी ने श्री चरणी पर छक्का जड़कर 58 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। अपनी इस पारी के दौरान मूनी ने वनडे में 3000 जबकि सदरलैंड ने 1000 रन पूरे किए। मूनी ने अंतिम क्षणों में आउट होने से पहले अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। सदरलैंड ने चार चौके और दीप्ति शर्मा पर विजयी छक्का लगाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वर्ल्ड क्रिकेट पर अपना दबदबा…AUS से सीरीज जीतने के बाद मंधाना ने भरी हुंकार

ओपनर प्रतिका रावल का नहीं खुला खाता

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्पिनर गार्डनर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए। किम गार्थ और एलिसे पेरी के चोटिल होने के कारण तीन मैचों की सीरीज से बाहर होने के बाद तेज गेंदबाज मेगन शट और लूसी हैमिल्टन को अंतिम समय में ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया। मेगन ने मैच के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही प्रतिका रावल (0) को अपनी तेज इनस्विंगर गेंद से आउट कर दिया। रावल पिछले साल घरेलू मैदान पर खेले गए वनडे वनडे कप में भारत की जीत के दौरान टखने में लगी चोट से उबरकर राष्ट्रीय टीम की तरफ से पहली बार कोई मैच खेल रही थी। शेफाली वर्मा (04) ने पहली बार तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए निराश किया। उन्होंने डार्सी ब्राउन को सीधा कैच थमाया। मंधाना ने स्लिप कॉर्डन पर लगातार चौके लगाए। उनके ड्राइव भी दर्शनीय थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जब सहवाग को देखकर रोने लगी थीं हरमनप्रीत,फिर दिग्गज ने जो कहा उसने बदल दी जिंदगी

जेमिमा रोड्रिग्स को गार्डनर ने किया आउट

ऑस्ट्रेलिया के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में दबाव बनाए रखा और गार्डनर ने जेमिमा (08) को एक फुल लेंथ गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया। मंधाना और दीप्ति शर्मा (02) के आउट होने के बाद हरमनप्रीत ने पारी को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, वह भी गार्डनर की गेंद पर डीप में स्वीप शॉट खेलकर आउट हो गईं। रिचा घोष ने 23 रन बनाए। काशवी गौतम (44 गेंदों में 43 रन) ने स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने कुल तीन छक्के लगाए, जिनमें मेगन की गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर से लगाया गया दर्शनीय छक्का भी शामिल है। इन दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे 27 फरवरी को होबार्ट में खेला जाएगा। इससे पहले भारत ने तीन मैच की टी20 सीरीज 2-1 से जीती थी। वनडे सीरीज के बाद इन दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट मैच भी होगा।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।