भारतीय टीम अहमदाबाद छोड़ चेन्नई पहुंची, जिम्बाब्वे मुकाबले के लिए करेगी तैयारी
आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत अपना दूसरा मुकाबला खेलने के लिए चेन्नई पहुंच गई है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया अब 26 फरवरी को एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे से भिड़ेगी।

भारतीय टीम सोमवार को अपने अगले मुकाबले के लिए चेन्नई पहुंच गई है, जहां उसका सामना जिम्बाब्वे से होगा। भारतीय टीम टी20 विश्व कप सुपर-8 में अपना पहला मुकाबला हार चुकी है, ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ उसे हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। हालांकि उसके लिए जिम्बाव्वे से पार पाना मुश्किल होगा, क्योंकि जिम्बाब्वे की टीम ने हाल ही में ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीम को धूल चटाई है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच गुरुवार को टी20 विश्व कप का सुपर-8 मुकाबला एम चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम को रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। आईसीसी इवेंट में व्हाइट बॉल फॉर्मेट में भारत ने लगातार 17 मुकाबले जीते थे। भारत को इससे पहले पिछली हार 2023 वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली थी। दक्षिण अफ्रीका से भारत की 76 रन की हार ने टूर्नामेंट में उसकी 12 मैचों की जीत का सिलसिला खत्म कर दिया और डिफेंडिंग चैंपियन को सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए मुश्किल रास्ते पर छोड़ दिया। अब उन्हें मुकाबले में बने रहने के लिए अपने शेष सुपर आठ मैचों में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। भारत का अगला मुकाबला गुरुवार को चेन्नई में जिम्बाब्वे से होगा।
दक्षिण अफ्रीका से 76 रनों की हार के बाद सूर्यकुमार ने कहा, "उम्मीद है कि अच्छी बल्लेबाजी, अच्छी गेंदबाजी और अच्छा क्षेत्ररक्षण करेंगे। बस इतना ही। हम इसे सरल रखने का प्रयास करेंगे। हम जैसा क्रिकेट खेलना चाहते हैं, वैसा ही क्रिकेट खेलेंगे, और कुछ नहीं बदलेगा और मुझे लगता है कि हम मजबूती से वापसी करेंगे।'' हार को लेकर उन्होंने कहा, "कभी-कभी आपको सोचना पड़ता है, अगर आप 180-185 रन का पीछा कर रहे हैं, तो आप पावरप्ले में गेम नहीं जीत सकते, लेकिन आप पावरप्ले में गेम हार सकते हैं।"





साइन इन