अभिषेक शर्मा की फॉर्म पर ये क्या बोल गए पूर्व कोच रवि शास्त्री, खिलाड़ियों की तारीफ की
रवि शास्त्री का मानना है कि अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म टीम के लिए पॉजिटिव संकेत हैं, क्योंकि खराब फॉर्म के बावजूद विपक्षी टीमें टेंशन में होगी। अभिषेक तीन मैचों में खाता नहीं खोल सके हैं।

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप 2026 में खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। अपने शुरुआती तीनों मुकाबलों में वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं और अब उन पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव बढ़ गया है। हालांकि भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री का मानना है कि अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म भारत के लिए पॉजिटिव चीज है। अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज हैं और उनसे टीम बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में उन पर सबकी नजरें रहेंगी।
रवि शास्त्री ने आईसीसी रिव्यू पर कहा, ''मैं इसे पॉजिटिव देखता हूं कि अभिषेक शर्मा तीन बार जीरो पर आउट हुए। इसलिए महत्वपूर्ण चरणों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ बचाकर रखें। टीमें थोड़ी चिंतित होंगी कि उन्हें रन नहीं मिले।" सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में पहली ही गेंद पर आउट हुए। इसके बाद नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में वह पेट दर्द के कारण नहीं खेल सके। पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में वह पहले ओवर में पवेलियन लौट गए।
रवि शास्त्री ने आगे कहा, ''मुझे लगता है कि भारत के लिए सकारात्मक बात यह है कि हर मैच में किसी न किसी ने आगे आकर योगदान दिया है। कभी ईशान किशन ने, पहले मैच में कभी सूर्या (सूर्यकुमार यादव) ने। तिलक वर्मा ने भी अपना हिस्सा निभाया है। उन्होंने अच्छी शुरुआत की है, लेकिन मुझे लगता है कि उनका सर्वश्रेष्ठ अभी बाकी है। “मुझे लगता है कि टीम लगभग वही रहेगी क्योंकि आपके पास गहराई है, सभी आधार कवर हैं, आपके पास विकल्प हैं, आपको विकल्पों की जरूरत है।”
उन्होंने आगे कहा, "जब ओस हो रही हो, तो आपको उस अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प की जरूरत पड़ती है। चाहे वह शिवम दुबे हों, चाहे हार्दिक पांड्या अपनी पूरी कोटा की गेंदबाजी करें, चाहे तिलक वर्मा एक-दो ओवर गेंदबाजी के लिए आ जाएं, आपको ऐसे विकल्पों की जरूरत है। मुझे नहीं लगता कि वे टीम में छेड़छाड़ करेंगे। मुझे लगता है कि पिछले मैच में खेली गई टीम एक अच्छी टीम थी।"





साइन इन