IND vs ENG india head coach Gautam Gambhir on Bengaluru stampede never a believer of having a roadshow बेंगलुरु हादसे पर गौतम गंभीर ने आयोजकों को लताड़ा, कहा- संभाल नहीं सकते थे तो रोड शो नहीं करना चाहिए, Cricket Hindi News - Hindustan

बेंगलुरु हादसे पर गौतम गंभीर ने आयोजकों को लताड़ा, कहा- संभाल नहीं सकते थे तो रोड शो नहीं करना चाहिए

भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा है कि वह कभी भी रोड शो के समर्थक नहीं रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भविष्य में इस तरह के कोई रोड शो नहीं होंगे।

Thu, 5 June 2025 08:36 PMHimanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
बेंगलुरु हादसे पर गौतम गंभीर ने आयोजकों को लताड़ा, कहा- संभाल नहीं सकते थे तो रोड शो नहीं करना चाहिए

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बेंगलुरु में हुई दुखद भगदड़ पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वह कभी भी रोड शो के समर्थक नहीं रहे हैं। हेड कोच ने कहा कि अगर हम रोड शो के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं थे तो हमें ऐसा (सम्मान समारोह) नहीं करना चाहिए था। कोलकाता में दो आईपीएल खिताब जीतने वाले समारोहों और भारत के 2007 टी20 विश्व कप जीतने के अभियान का हिस्सा रहे गंभीर ने सभी से ‘जिम्मेदार नागरिक’ बनने और लोगों के इसके लिए तैयार नहीं होने की स्थिति में ऐसे समारोह का आयोजन नहीं करने का आग्रह किया।

भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ''मैं कभी रोड शो का समर्थक नहीं रहा हूं। हमें जिम्मेदार नागरिक बनने की जरूरत है। मैं जब खेल रहा था, तब भी मुझे इस बात पर यकीन था। 2007 में विश्व कप जीतने के बाद भी मैंने यही बात कही थी। अगर हम रोड शो करने के लिए तैयार नहीं थे, तो हमें ऐसा नहीं करना चाहिए था। हर किसी की जिंदगी बहुत जरूरी है। उम्मीद करता हूं कि भविष्य में इस तरह के कोई रोड शो नहीं होंगे। जो कुछ भी हुआ वह गलत है। सभी के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। हमें जिम्मेदार होने की जरूरत है। अगर हम नहीं संभाल सकते थे तो हमें यह रोड शो नहीं करना चाहिए था। एक खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी के तौर पर हमारी जिम्मेदारी है कि हम कैसे सबकुछ मैनेज करते हैं।''

गंभीर ने इस पर टिप्पणी नहीं की कि इसके लिए कौन जिम्मेदार हैं या क्या पिछले कुछ वर्षों में प्रशंसकों की प्रकृति बदल गई है।

उन्होंने आगे कहा, ''भविष्य में, हमें इन रोड शो की योजना बनाते समय थोड़ा और सचेत रहना चाहिए। हम इस तरह के समारोह को स्टेडियम के अंदर आयोजित करने पर विचार कर सकते हैं। हमें ऐसा नहीं करना चाहिए था। प्रशंसक उत्साहित होते हैं, प्रशंसक भावुक होते हैं, लेकिन जीवन से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। आप किसी भी समय 11 लोगों को नहीं खो सकते। मेरे लिए, रोड शो नहीं होना चाहिए था।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:RCB का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिवार को मिलेगी 10-10 लाख की मदद

आरसीबी की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारक बयान में भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। बयान में कहा गया है कि कल बेंगलुरु में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने आरसीबी परिवार को बहुत पीड़ा और दर्द पहुंचाया है। आरसीबी ने पीड़ितों के प्रति सम्मान और एकजुटता व्यक्त करते हुए हादसे में मारे गये 11 लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए आरसीबी केयर्स नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बुधवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चल रहे आरसीबी का सम्मान समारोह के दौरान स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और अन्य 33 लोग घायल हो गये थे।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।