कैसे भारत और पाकिस्तान कर सकते हैं U19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई? यहां समझें पूरा समीकरम
अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में जगह एक बाकी है और रेस में दो टीमें हैं। यह दो टीमें और कोई नहीं बल्कि भारत और पाकिस्तान की है। आईए समझते हैं भारत और पाकिस्तान का पूरा समीकरण-

अंडर-19 वर्ल्ड कप का रोमांच अपने चरम पर है। सेमीफाइनल के लिए अभी तक ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड की टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है। वहीं बचे एक पायदान के लिए दो टीमों के बीच रेस जारी है। यह रेस और किसी के बीच नहीं बल्कि भारत और पाकिस्तान के बीच है। जी हां, अंडर-19 वर्ल्ड कप में इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच रविवार, 1 फरवरी को खेला जाना है। सेमीफाइनल से पहले भारत बनाम पाकिस्तान का यह मैच रोमांच की हदें पार करेगा। भारत सेमीफाइनल में पहुंचने का प्रबल दावेदार है क्योंकि उनके खाते में 6 अंक है, वहीं अगर पाकिस्तान को नॉकआउट में जगह बनानी है तो उन्हें चमत्कार करना होगा।
भारत का अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल समीकरण
टीम इंडिया का अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का समीकरण सीधा-सीधा है। अगर भारत पाकिस्तान को हराने में कामयाब रहता है तो वह पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर रहते हुए सुपर-6 का अंत करेगा और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। वहीं अगर टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ता है तो भी टीम इंडिया के पास सेमीफाइनल में पहुंचने का चांस होगा।
भारत का नेट रन रेट पाकिस्तान से काफी बेहतर है। अगर आयुष म्हात्रे की टीम को पाकिस्तान के खिलाफ हार का भी सामना करना पड़ता है तो टीम इंडिया को सिर्फ बड़ी हार को टालना होगा।
भारत का नेट रन रेट +3.337 का है, जबकि पाकिस्तान का +1.484 का।
पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना आसान नहीं
पाकिस्तान को अगर अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का टिकट हासिल करना है तो उन्हें ना सिर्फ भारत को हराना होगा, बल्कि बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। पाकिस्तान के खाते में फिलहाल 4 अंक है, अगर मैन इन ग्रीन टीम इंडिया को हराने में कामयाब भी रहती है तो वह भारत के बराबर 6 अंक हासिल कर पाएगी। पाकिस्तान को मैच जीतने का साथ-साथ भारत को नेट रन रेट में भी पछाड़ना होगा।
आईसीसी के अनुसार, अगर पाकिस्तान पहले बैटिंग करता है तो उन्हें भारत को टूर्नामेंट से बाहर करने के लिए 105 या उससे ज्यादा रनों से जीत दर्ज करनी होगी।
वहीं चेज में पाकिस्तान को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्हें टारगेट को काफी तेजी से हासिल करना होगा। उदाहरण के लिए, अगर पाकिस्तान को 251 रनों का टारगेट चेज करना है, तो उन्हें नॉकआउट में पहुंचने के लिए 29.4 ओवर या उससे कम में ऐसा करना होगा। और अगर टारगेट कम है, तो पाकिस्तान को उसे थोड़ा और तेजी से चेज करना होगा।





साइन इन