AUS के बाद अफगानिस्तान-इंग्लैंड ने कटाया U19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का टिकट, भारत-पाकिस्तान के बीच आखिरी रेस
ऑस्ट्रेलिया के बाद अफगानिस्तान और इंग्लैंड की टीमों ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। आखिरी पायदान के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक रेस होगी।

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर है। ऑस्ट्रेलिया के बाद अफगानिस्तान और इंग्लैंड ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है। अब सेमीफाइनल में सिर्फ एक टीम के लिए जगह बाकी है और रेस में सिर्फ भारत और पाकिस्तान की टीमें रह गई है। अंडर-19 वर्ल्ड कप का यह हाईवोल्टेज मुकाबला रविवार, 1 फरवरी को खेला जाएगा। हालांकि भारत के पास एडवांटेज है, टीम इंडिया के खाते में पहले से ही 6 अंक है और उनका नेट रन रेट भी पाकिस्तान से काफी बेहतर है। वहीं पाकिस्तान के खाते में फिलहाल 4 अंक है। अगर पाकिस्तान को सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना है तो भारत पर बहुत बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
अफगानिस्तान ने आयरलैंड को रौंदा
अफगानिस्तान ने आयरलैंड पर 191 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। उनके ग्रुप से ऑस्ट्रेलिया पहले ही क्वालीफाई कर चुका था, ऐसे में अफगानिस्तान के रेस श्रीलंका के साथ थी। अंत में श्रीलंका और अफगानिस्तान के खाते में बराबर 6-6 अंक थे, मगर अफगानिस्तान का बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से उन्हें नॉकआउट राउंड में जगह मिली। आयरलैंड को हराकर अफगानिस्तान का नेट रन रेट +1.725 का हो गया, वहीं श्रीलंका -0.113 के नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर रहा।
इंग्लैंड ने बढ़ाई पाकिस्तान की टेंशन
विजय रथ पर सवार इंग्लैंड की टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का अपना लगातार 5वां मैच जीता। इस जीत के साथ इंग्लिश टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। इंग्लैंड ने सुपर-6 के अपने आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 65 रनों से धूल चटाई। इस जीत के साथ इंग्लैंड के खाते में 8 अंक हो गए हैं। उनके ग्रुप में अब भारत ही इतने अंकों तक पहुंच सकता है, वहीं पाकिस्तान अधिकतम 6 पॉइंट्स तक पहुंच सकता है। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, इसके बाद भी मामला भारत के साथ नेट रन रेट पर जाकर फंसेगा।





साइन इन