हार्दिक पांड्या का बतौर कप्तान गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के लिए कैसा रहा है प्रदर्शन? आंकड़े हैरान करने वाले
गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पांड्या का बतौर कप्तान रिकॉर्ड में जमीन आसमान का अंतर दिखता है। जीटी की कप्तानी करते हुए हार्दिक 70 प्रतिशत मैच जीते हैं।

गुजरात टाइटंस को पहली बार में खिताब और दूसरी बार में रनरअप बनाने वाले कप्तान हार्दिक पांड्या आईपीएल 2024 में एक बार फिर मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े। MI ने GT के साथ ऑल-कैश डील साइथ कर इस हरफनमौला को अपनी टीम में शामिल किया था। मुंबई ने ना सिर्फ पांड्या को वापस अपने स्क्वॉड में जोड़ा था, बल्कि उन्हें कप्तान भी बनाया था। इस फैसले के बाद मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा के युग का अंत हो गया था। अगर मुंबई को कप्तान ही बदलना था तो टीम में सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ी भी थे, मगर MI ने पांड्या को कप्तान चुना। टीम मैनेजमेंट के इस फैसले से कई खिलाड़ी नाराज थे। खैर बात करते हैं हार्दिक पांड्या के बतौर कप्तान गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन की।
गुजरात टाइटंस के लिए जीते 70 प्रतिशत मैच
आईपीएल 2022 में जब दो नई टीमों को जोड़ा गया तो गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पांड्या को पिक कर अपना कप्तान बनाया। पांड्या की अगुवाई में जीटी ने पहले ही सीजन में झंडा गाड़ दिया और ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं दूसरे सीजन टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही, मगर खिताबी मुकाबले में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए हार्दिक पांड्या ने 31 मैच खेले। इनमें से टीम 22 मैच यानी 70 प्रतिशत मुकाबले जीतने में कामयाब रही। वहीं 9 में टीम को हार मिली। इस दौरान टीम ने एक ट्रॉफी भी उठाई।
कप्तान के साथ-साथ हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद से भी कमाल दिखाया था। दोनों सीजन मिलाकर पांड्या ने 833 रन बनाने के साथ-साथ 11 विकेट भी चटकाए थे। जीटी में पांड्या नंबर-3 चार पर बैटिंग करते थे।
मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक पांड्या का निराशाजनक प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या की जिस कैप्टेंसी स्किल को देख मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था, यह हरफनमौला अभी तक वैसी छाप नहीं छोड़ पाया है। मुंबई इंडियंस के लिए पहले सीजन में कप्तानी करते हुए हार्दिक पांड्या की खूब आलोचना हुई थी, ना तो वह खुद अच्छा प्रदर्शन कर पा रहे थे और ना टीम अच्छा कर रही थी। हर मैदान पर उनके खिलाफ हूटिंग हो रही थी। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 में सबसे नीचे 10वें पायदान पर रही थी।
आईपीएल 2025 में जरूर टीम ने टॉप-4 में जगह बनाते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया, मगर टीम फाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी।
अब 2026 में टीम का आगाज तो शानदार रहा। 14 साल बाद मुंबई सीजन का पहला मैच जीतने में कामयाब रही, मगर उसके बाद एमआई को लगातार चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।
मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए हार्दिक पांड्या ने 33 मैच खेले, जिसमें से टीम 14 ही मुकाबले जीत पाई, वहीं 19 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। MI की कप्तानी करते हुए हार्दिक पांड्या का बतौर कप्तान जीत का प्रतिशत 42.42 है।
मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए हार्दिक पांड्या ने तीन सीजन में 521 ही रन बनाए हैं, इस दौरान उन्होंने 27 विकेट भी चटकाए।





साइन इन