विराट कोहली के साथ वीडियो बनाना चाहते हैं मशहूर यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट, दूसरी बार की गुजारिश
अमेरिका के मशहूर यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट किंग कोहली के साथ वीडियो बनाना चाहते हैं। उन्होंने दूसरी बार विराट कोहली से सार्वजनिक तौर पर गुजारिश की है। उन्होंने कहा है कि वह कोहली के साथ फिल्म बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

मिस्टर बीस्ट का नाम तो आपने सुना ही होगा। वही जिन्हें यूट्यूब की दुनिया का बेताज बादशाह कहा जाता है। लोग तो उन्हें दुनिया का सबसे बड़ा यूट्यूबर भी कहते हैं। अमेरिका का ये मशहूर यूट्यूबर किंग कोहली को अपने वीडियो में लाना चाहता है। उन्होंने दूसरी बार विराट कोहली से सार्वजनिक तौर पर गुजारिश की है। कहा है- मैं आपके साथ फिल्म बनाने की कोशिश कर रहा हूं।
मिस्टर बीस्ट का असली नाम जेम्स स्टिफन डोनाल्डसन है। वह चैलेंज पर आधारित अपने वीडियो के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में भारतीय न्यूज चैनल एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने कोहली के साथ काम करने की इच्छा जताई है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि उन्होंने सार्वजनिक तौर पर अपनी इस हसरत का इजहार किया है। पिछले साल उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया था, 'विराट कोहली, कैसे न कैसे करके आपको एक वीडियो में लूंगा ही?' उनका वो पोस्ट वायरल हो गया था।
मिस्टर बीस्ट ने कहा, 'हे विराट कोहली, मैं आपके साथ फिल्म बनाना चाहता हूं।' किंग कोहली मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में हैं और क्रिकेट खेलने वाले सभी देशों में उनकी काफी लोकप्रियता है। संभवतः यही वजह है कि मिस्टर बीस्ट उनके साथ वीडियो बनाने के लिए लालायित हैं। हालांकि, कोहली की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
मिस्टर बीस्ट को भारत में बहुत देखा जाता है। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने माना कि भारत उनके सबसे बड़े दर्शक वर्ग में से एक है।

मिस्टर बीस्ट ने भारतीय दर्शकों को लेकर कहा, 'मैं आप लोगों को प्यार करता हूं। मैं जल्द ही आप लोगों के बीच आना चाहता हूं। हे, विराट कोहली, अगर आप इसे देख रहे हैं तो मैं आपके साथ फिल्म बनाने की कोशिश कर रहा हूं। आप लोग हमेशा महान रहे हैं। ज्यादातर लोग ये नहीं जानते कि भारत हमारे सबसे बड़े दर्शक वर्ग में से एक है, इसलिए मैं आप लोगों का बहुत शुक्रगुजार हूं।'





साइन इन