कल होगा टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, इन खिलाड़ियों को मिल सकती है जगह
महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए शनिवार को भारतीय टीम का ऐलान होगा। टूर्नामेंट के लिए हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम का चयन मुंबई में होने वाली बैठक में होगा।

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान शनिवार को होने वाला है। भारतीय महिला चयन समिति शनिवार को आगामी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम चुनने के लिए मुंबई में बैठक करेगी। टीम का ऐलान करने के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर, चेयरपर्सन अमिता शर्मा और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया उपस्थित रहेंगे। महिला टी20 विश्व कप 2026 इंग्लैंड में 12 जून से 5 जुलाई के बीच खेला जाएगा।
भारतीय टीम शनिवार को टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान करेगी। वनडे विश्व कप 2025 जीतने के बाद भारतीय टीम से टी20 विश्व कप में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी। टी20 विश्व कप के लिए टीम का चयन करने के साथ कमेटी इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज, एक टेस्ट मैच और इंग्लैंड ए के खिलाफ भारत ए की तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की टीम भी चुनेगी। पहली बार महिला टी20 विश्व कप में 12 टीमों को शामिल किया गया है, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। भारत को ग्रुप 1 में रखा गया है, जहां उसके साथ ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स हैं।
भारतीय टीम के लिए ये टूर्नामेंट आसान नहीं रहने वाला है। 2024 में हुए विश्व कप में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। उसके बाद टी20 इंटरनेशनल में टीम ने 21 मैच खेले हैं और 13 में जीत हासिल की। टीम को आठ मुकाबलों में हार मिली है। टीम ने इंग्लैंड को 3-2 से और ऑस्ट्रेलिया को उसके घर पर 2-1 से हराया है। हालांकि हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम को हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।
यहां हम आपको टी20 विश्व कप के लिए चुनी जाने वाली संभावित टीम और लीडरशिप के बारे में बताने जा रहे हैं। इंग्लैंड में होने वाले टूर्नामेंट के लिए हरमनप्रीत कौर टीम की कप्तानी रहेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी।
टॉप ऑर्डर
भारतीय टीम टॉप ऑर्डर में स्मति मंधाना और शेफाली वर्मा को बतौर ओपनर जगह दे सकती है। वहीं तीसरे नंबर पर जेमिमा रोड्रिंग्स रहेंगी। हालांकि टीम ने पिछले कुछ समय से काफी बदलाव किए हैं। पिछले टी20 विश्व कप के बाद से आठ खिलाड़ियों को टॉप-3 में मौका मिल चुका है।
मध्यक्रम
भारतीय टीम की कप्तान हमरनप्रीत कौर टी20 विश्व कप में चौथे नंबर पर अहम भूमिका निभाएंगी। पिछले विश्व कप में वह भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज थींय़ उन्होंने चार पारियों में 150 रन बनाए थे। ऋचा घोष बतौर विकेटकीपर पहला विकल्प होंगी। मैच के आखिरी ओवरों में वह बड़े शॉट लगाने में माहिर हैं। उमा छेत्री दूसरा विकल्प हो सकती हैं।
स्पिनर्स
स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को स्पिनर अटैक की जिम्मेदारी मिलेगी। श्रेयंका पाटिल और एनश्री चरणी भी अहम भूमिका निभा सकती हैं।
तेज गेंदबाज
टी20 विश्व कप का आयोजन इंग्लैंड में होने वाला है, ऐसे में तेज गेंदबाज पूरे टूर्नामेंट के दौरान डिमांड में रहेंगे। रेणुका सिंह पर तेजी गेंदबाजी आक्रमण को लीड करने की जिम्मेदारी होगी। क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी पर भी सबकी नजरें रहेंगी। भारत राधा यादव को भी मौका दे सकते हैं, जिन्होंने महिला प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। दीप्ति शर्मा और चरणी ने 25 और 24 विकेट चटकाए थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई सीरीज में शामिल ना होने के बावजूद, अमनजोत कौर अपनी हरफनमौला क्षमता और बेहतरीन फील्डिंग की वजह से टीम में वापसी कर सकती हैं। भरती फुलमाली को फिनिशर के बैकअप विकल्प के रूप में विचार किया जा सकता है, जबकि युवा बल्लेबाज अनुष्का शर्मा को टॉप ऑर्डर के लिए मौका दिया जा सकता है।





साइन इन