BCCI share IPL 2026 League stage full schedule first and second phase Playoffs will be announced at a later date IPL 2026 के लीग स्टेज का फुल शेड्यूल आया सामने, प्लेऑफ के वेन्यू के लिए करना होगा इंतजार, Cricket Hindi News - Hindustan
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़BCCI share IPL 2026 League stage full schedule first and second phase Playoffs will be announced at a later date
IPL 2026 के लीग स्टेज का फुल शेड्यूल आया सामने, प्लेऑफ के वेन्यू के लिए करना होगा इंतजार
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे फेज के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है, इसके साथ ही बीसीसीआई ने लीग स्टेज के सभी 70 मुकाबलों के कार्यक्रम घोषित कर दिए हैं। हालांकि प्लेऑफ का शेड्यूल आना बाकी है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को आईपीएल 2026 के लीग चरण का कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि टूर्नामेंट का दूसरा चरण 13 अप्रैल से 24 मई तक होगा। शुरुआती चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल तक चलेगा और इसके कार्यक्रम पहले ही जारी कर दिये गये हैं। इसका आगाज शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत से होगा। फाइनल 31 मई को बेंगलुरु में खेला जाएगा।
बीसीसीआई सचिव देवाजित सैकिया ने कहा, " लीग चरण के दूसरे हिस्से में 50 मैच खेले जायेंगे। इसका आयोजन 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक भारत के 12 स्थलों पर होगा। इस चरण में मुकाबले बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में होंगे।" उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के इस अहम चरण में टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी जिससे मुकाबले और अधिक प्रतिस्पर्धी होंगे।
दूसरे चरण का पहला मैच 13 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। इस चरण में आठ 'डबल-हेडर' (एक दिन में दो मुकाबले) होंगे। जिसमें दोपहर के मैच 03:30 बजे से और शाम के मैच 07:30 बजे से शुरू होंगे। पंजाब किंग्स की टीम अपने घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिसमें धर्मशाला में तीन मैच होंगे। राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने चार घरेलू मुकाबले जयपुर में खेलेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीन मैच बेंगलुरु और दो मैच रायपुर में खेलेगी। प्लेऑफ के लिए मैचों के स्थानों की घोषणा बाद में की जाएगी।