बाबर आजम ने तोड़ा युवराज सिंह का रिकॉर्ड; टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने में विराट कोहली नंबर-1
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने यूएसए के खिलाफ 46 रनों की पारी खेली। इस पारी के साथ बाबर आजम युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहे। यह रिकॉर्ड है टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का-

पाकिस्तान ने यूएसए को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 12वें मुकाबले में 32 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पाकिस्तान के इस जीत के हीरो साहिबजादा फरहान रहे, जिन्होंने 41 गेंदों पर 6 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 73 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की बैटिंग यूनिट इस बात से भी खुश होगी कि उनके पूर्व कप्तान बाबर आजम भी इस मैच के दौरान रंग में नजर आए। बाबर ने यूएसए के खिलाफ 32 गेंदों पर 4 चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली। वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तबदील तो नहीं कर पाए, मगर इन 46 रनों के साथ उन्होंने पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह का रिकॉर्ड जरूर तोड़ा।
युवराज सिंह से आगे निकले बाबर आजम
यह रिकॉर्ड है टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का। अपना चौथा टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे बाबर आजम अभी तक 19 पारियों में 35.88 की औसत और 112.33 के स्ट्राइक रेट के साथ 610 रन बना चुके हैं। हालांकि बाबर अभी भी टॉप-10 खिलाड़ियों की लिस्ट में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं। बाबर युवराज सिंह के ऊपर 16वें पायदान पर हैं।
2007 टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले युवराज सिंह ने 2016 में अपना आखिरी टी20 वर्ल्ड कप खेला था। उन्होंने इस दौरान 28 पारियों में 23.72 की औसत और 128.91 के स्ट्राइक रेट के साथ 593 रन बनाए थे। बाबर आजम अब उनसे आगे निकल चुके हैं।
विराट कोहली के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड
2024 में T20I क्रिकेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली के नाम टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। 2012 से 2024 के बीच किंग कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप की 33 पारियों में 58.72 की औसत और 128.81 के स्ट्राइक रेट के साथ सर्वाधिक 1292 रन बनाए। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 1220 रनों के साथ दूसरे पायदान पर हैं।
मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे इंग्लैंड के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज जोस बटलर 1039 रनों के साथ तीसरे पायदान पर हैं।





साइन इन