After Sourav Ganguly Azharuddin also raised his voice for Imran Khan supported the former captains demand सौरव गांगुली के बाद अजहरुद्दीन भी इमरान खान के लिए उठाई आवाज, पूर्व कप्तानों का किया समर्थन, Cricket Hindi News - Hindustan

सौरव गांगुली के बाद अजहरुद्दीन भी इमरान खान के लिए उठाई आवाज, पूर्व कप्तानों का किया समर्थन

पूर्व भारतीय कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करने में कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों का समर्थन किया है। दुनियाभर के 14 दिग्गज पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान की सरकार से  इमरान के साथ ‘गरिमापूर्ण’ व्यवहार करने की अपील की है।

Wed, 18 Feb 2026 04:59 PMChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share
सौरव गांगुली के बाद अजहरुद्दीन भी इमरान खान के लिए उठाई आवाज, पूर्व कप्तानों का किया समर्थन

पूर्व भारतीय कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करने में कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों का समर्थन किया है। सुनील गावस्कर, कपिल देव समेत दुनियाभर के कई दिग्गज पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान की सरकार से क्रिकेटर से राजनेता बने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इमरान के साथ ‘गरिमापूर्ण’ व्यवहार करने की अपील की है।

अजहरुद्दीन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें इमरान भाई की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ है।

इमरान के स्वास्थ्य के लिए दुआ करता हूं: अजहर

तेलंगाना के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अजहरुद्दीन ने कहा, ‘क्रिकेट ने हमें कई यादगार पल दिए हैं। एक साथी खिलाड़ी के रूप में, जिसने उनके साथ मंच साझा किया है और उनसे सीखा है, मैं पूरी ईमानदारी से अपील करता हूं कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करने के लिए दुआ करता हूं।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इमरान खान को जेल में तत्काल इलाज मिले; गावस्कर, कपिल समेत 14 दिग्गजों का खत

गावस्कर, कपिल समेत 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को लिखा है खत

भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित 14 पूर्व कप्तानों ने इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर ‘गहरी चिंता’ व्यक्त करते हुए एक पत्र में पाकिस्तान सरकार से विश्व कप 1992 के विजेता कप्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पर्याप्त चिकित्सा सुविधा और सम्मानजनक परिस्थितियों को सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

दाहिनी आंख की रोशनी लगभग हो चुके हैं इमरान, रिपोर्ट्स में दावा

ऐसी खबरें आई हैं कि रावलपिंडी की अडियाला जेल में कथित चिकित्सा लापरवाही के कारण इमरान खान ने अपनी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत दृष्टि खो दी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूर्व कप्तानों ने जो अपील…; इमरान खान के सपोर्ट में उतरे गांगुली ने क्या कहा?

पाकिस्तान सरकार को लिखे गए पत्र में जिन पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं उनमें गावस्कर और कपिल के अलावा माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट शामिल हैं।

इन क्रिकेट दिग्गजों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खत लिखकर इमरान खान को जेल में उनके पसंद के डॉक्टरों से इलाज कराने, परिवार से नियमित मुलाकात और बिना किसी देरी के निष्पक्ष और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया का अधिकार देने की मांग की है।

खास बात ये है कि इस खत पर दस्तखत करने वाले पूर्व कप्तानों में पाकिस्तान का कोई भी पूर्व कप्तान शामिल नहीं है। वैसे पिछले हफ्ते वसीम अकरम, वकार यूनुस, शाहिद अफरीदी समेत पाकिस्तान के कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर ये गुजारिश की थी कि इमरान खान को उचित डॉक्टरी देखभाल दी जाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इमरान खान की सेहत को लेकर अटकलें, परिवार को बताए बिना अस्पताल भेजने का आरोप

सौरव गांगुली ने भी इमरान के समर्थन में उठाई आवाज

पूर्व कप्तानों के खत की बात सामने आने के बाद भारत के एक और पूर्व कप्तान और ‘बंगाल टाइगर’ के नाम से मशहूर सौरव गांगुली ने भी इमरान खान के साथ गरिमापूर्ण सलूक किए जाने की मांग का समर्थन किया है।

गांगुली ने मंगलवार को कोलकाता में पत्रकारों से कहा, ‘पूर्व कप्तानों ने जो अपील की है, वह सही कदम है। मुझे उम्मीद है कि उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा और उन्हें उचित इलाज मिलेगा। उन्होंने पाकिस्तान को पहले क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में और फिर प्रधानमंत्री के रूप में विश्व पटल पर पहचान दिलाई है, इसलिए उनका ध्यान रखा जाना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि ऐसा होगा।’

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले GT vs RCB Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।