कौन हैं लक्ष्मी वर्मा, राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जिन्हें छत्तीसगढ़ से बनाया अपना उम्मीदवार
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न प्रदेशों में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव हेतु मंगलवार को छह नामों की लिस्ट जारी कर दी। जिसमें से छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को टिकट दिया गया है। पार्टी द्वारा घोषित छह नामों में वे ही एकमात्र महिला हैं।

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न प्रदेशों में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव हेतु मंगलवार को नामों की घोषणा कर दी। इन चुनावों के लिए पार्टी ने छत्तीसगढ़ से श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को प्रत्याशी के रूप में उतारा है। वर्तमान में वह प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की मेंबर भी हैं। इससे पहले वह रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष रहने के साथ ही साथ साल 2021 से 2025 के बीच पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने संगठन प्रभारी और मीडिया प्रवक्ता के रूप में भी पार्टी का प्रतिनिधित्व किया था। लक्ष्मी वर्मा कुर्मी समाज से आती हैं। वर्मा के राजनीतिक सफर की बात करें तो वे प्रदेश के बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र से आती हैं और यहां पार्टी की बेहद सक्रिय नेत्री रही हैं।
1994 में लड़ा था पहला चुनाव
बलौदाबाजार जिले के सिमगा ब्लॉक के मुड़पार गांव की रहने वाली लक्ष्मी वर्मा ने साल 1990 में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली थी। इसके बाद साल 1994 में पार्टी ने उन्हें पहली बार रायपुर के वार्ड नंबर 7 से पार्षद का टिकट दिया, जिस पर लक्ष्मी ने जीत दर्ज की। सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय तक काम करने के बाद साल 2000 में तत्कालीन रायपुर सांसद रमेश बैस ने उन्हें सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया। इसके बाद महिला मोर्चा, पंचायती राज प्रकोष्ठ और प्रदेश संगठन में उन्हें लगातार महत्वपूर्ण दायित्व मिलते रहे।
चार साल तक रही प्रदेश उपाध्यक्ष
साल 2001 में वह भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति की सदस्य बनीं और चार वर्षों तक इस दायित्व का निर्वहन किया। फिल साल 2010 से 2014 तक वे भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य रहीं। साथ ही 2010 से 2022 तक भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति की सदस्य भी रहीं। साल 2021 से 2025 तक उन्हें भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। 2021 से 2024 तक उन्होंने गरियाबंद संगठन प्रभारी और भाजपा मीडिया प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाली।
साल 2010 में रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष बनीं। साल 2019 में उन्होंने इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक उपक्रम FSNL में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्य किया। वर्तमान में सात अक्टूबर 2024 से वे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में दायित्व निभा रही हैं।
राजनीति के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय
सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वे विभिन्न महिला, युवा और श्रमिक संगठनों से जुड़ी रही हैं। पंचायत, श्रम पुनर्वास, पारिवारिक परामर्श और किसान संगठनों में भी उन्होंने योगदान दिया है।
कुर्मी समाज में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। समाज के विभिन्न प्रांतीय और राष्ट्रीय पदों पर रहते हुए उन्होंने संगठनात्मक कार्यों को विस्तार दिया है। वर्तमान में वे अखिल भारतीय स्तर पर भी सामाजिक दायित्व निभा रही हैं।
सीएम साय व प्रदेश अध्यक्ष ने दी वर्मा को बधाई
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर लक्ष्मी वर्मा को बधाई दी है और उनका अनुभव संसद के उच्च सदन में प्रदेश की आवाज को मजबूती देगा। (वार्ता इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन