lakhs of voters face uncertainty in Raipur their names may be removed from the voter list रायपुर में 5.42 लाख मतदाताओं पर संकट, 14 फरवरी तक नहीं सुधरी गड़बड़ी तो कट सकता है नाम, Chhattisgarh Hindi News - Hindustan
More

रायपुर में 5.42 लाख मतदाताओं पर संकट, 14 फरवरी तक नहीं सुधरी गड़बड़ी तो कट सकता है नाम

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर होने की आशंका बनी हुई है। जिले के 5.42 लाख मतदाताओं के पास अब 14 फरवरी तक का ही समय शेष है, जिसमें वे गलतियों को सुधार करवा सकते हैं।

Sat, 7 Feb 2026 09:10 PMSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, वार्ता, रायपुर
share
रायपुर में 5.42 लाख मतदाताओं पर संकट, 14 फरवरी तक नहीं सुधरी गड़बड़ी तो कट सकता है नाम

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर होने की आशंका बनी हुई है। जिले के 5.42 लाख मतदाताओं के पास अब 14 फरवरी तक का ही समय शेष है, जिसमें वे गलतियों को सुधार करवा सकते हैं। तय समयसीमा के बाद किसी भी प्रकार का सुधार संभव नहीं होगा, क्योंकि 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, इन 5.42 लाख मतदाताओं में से 4.22 लाख वोटरों के नाम, उम्र, पिता का नाम, लिंग अथवा अन्य व्यक्तिगत विवरणों में गड़बड़ी पाई गई है। वहीं 1.33 लाख मतदाताओं के वर्ष 2003 और 2025 के दस्तावेज आपस में मेल नहीं खा रहे हैं, जिसके कारण उनके नामों पर आपत्ति दर्ज की गई है।

मतदाताओं तक नोटिस और सूचना पहुंचा दी गई है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग अब तक सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हो रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो राज्यभर में सबसे अधिक नाम कटने का रिकॉर्ड रायपुर जिले में दर्ज हो सकता है। वर्तमान में भी नोटिस जारी करने के मामलों में रायपुर जिला प्रदेश में शीर्ष पर है।

जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 18.92 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से शेष मतदाताओं के नामों में कोई विवाद नहीं है और उनका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया है। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि जिन मतदाताओं के नामों पर आपत्ति दर्ज की गई है, उनमें महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है और विधानसभा क्षेत्रों में महिला वोटरों के नाम ज्यादा कटे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ में फर्जी आदेश पर सालों सरकारी नौकरी की, 4 कर्मचारी बर्खास्त
ये भी पढ़ें:बॉयफ्रेंड ने नंबर किया ब्लॉक तो बौखला गई लड़की, उतारा मौत के घाट

हालांकि प्रशासन यह स्पष्ट कर चुका है कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी नाम जुड़वाने की प्रक्रिया संभव रहेगी, लेकिन इसके लिए अलग प्रक्रिया अपनानी होगी, जिससे मतदाताओं को असुविधा हो सकती है।

इस संबंध में उपजिला निर्वाचन अधिकारी नवीन सिंह ठाकुर ने कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस दी गई है, उनके पास 14 फरवरी तक सत्यापन कराने का अवसर है। 15 से 20 फरवरी तक प्रशासनिक प्रक्रिया चलेगी और 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसलिए सभी संबंधित मतदाता समय रहते अपनी गड़बड़ियों का सुधार करा लें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।