रायपुर: काल बना अस्पताल का सेप्टिक टैंक, 3 मजदूरों की मौत से कोहराम
रायपुर के एक अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से 3 मजदूरों की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण के उन्हें टैंक में उतारा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रायपुर के एक अस्पताल में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ जहां सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण, ऑक्सीजन सपोर्ट या सुरक्षा किट के मजदूरों को टैंक के अंदर भेजा था। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी सफाई के लिए विशेष प्रशिक्षण जरूरी है लेकिन यहां लापरवाही बरती गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जहरीली गैस के कारण बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर में मंगलवार रात को राम कृष्ण केयर अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए तीन मजदूरों को अंदर भेजा गया था जहां जहरीली गैस के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते तीनों मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों शहर के सिमरन सिटी इलाके के निवासी थे।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए आरोप
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिजनों का कहना है कि अस्पताल के सेप्टिक टैंक में सफाई के लिए मजदूरों को बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतारा गया। यह भी आरोप है कि प्रशिक्षित स्टाफ की बजाय सामान्य मजदूरों से काम लिया गया, जिससे यह हादसा हुआ।
ऑक्सीजन और सुरक्षा किट का इस्तेमाल जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार, सेप्टिक टैंक की सफाई बहुत खतरनाक काम है जिसमें गैस की जांच और ऑक्सीजन और सुरक्षा किट का इस्तेमाल जरूरी होता है। ऐसे काम अक्सर प्रशिक्षित टीमों या सही एजेंसियों की देखरेख में किए जाते हैं। घटना के बाद परिवार वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर तनाव बना हुआ है।
सेप्टिक टैंक से शवों को बाहर निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस को सेप्टिक टैंक से शवों को बाहर निकालने में काफी मेहनत करनी पड़ी। शवों को टैंक से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस की वजह से मजदूरों की मौत होने की आशंका है। इस मामले की जांच की जा रही है।
(पीटीआई-भाषा के इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन