एक साल पहले मूर्तियां तोड़ीं अब गवाहों पर हमला; छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में भारी बवाल
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के एक गांव में एक मामले में जमानत पर रिहा हुए तीन आरोपियों की ओर से कथित तौर पर कुछ स्थानीय लोगों पर हमला किए जाने के बाद रविवार को दो समुदायों के लोगों के बीच हिंसा भड़क गई।

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के एक गांव में एक मामले में जमानत पर रिहा हुए तीन आरोपियों की ओर से कथित तौर पर कुछ स्थानीय लोगों पर हमला किए जाने के बाद रविवार को दो समुदायों के लोगों के बीच हिंसा भड़क गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के दुतकैयां गांव में रविवार शाम हुई झड़पों के दौरान ग्रामीणों के पथराव में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले गांव के एक मंदिर में कथित तौर पर मूर्ति तोड़ने के मामले में आरिफ समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद ये लोग ग्रामीणों को कथित तौर पर धमका रहे थे और मंदिर मामले से जुड़े गवाहों को परेशान कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह आरिफ और दो अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर 4 से 6 युवकों पर पुलिस से शिकायत करने का आरोप लगाते हुए रॉड से हमला किया जिसके बाद दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क उठी। गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि कथित हमलों के बाद दुतकैयां गांव और आसपास के दो गांवों में तनाव काफी बढ़ गया।
आरोपियों के घरों में आग, पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल
उन्होंने बताया कि घटना से आक्रोशित कुछ स्थानीय लोगों ने आरोपियों के घरों का घेराव किया और उनमें आग लगा दी। हिंसा फैलने पर कुछ वाहनों में आगजनी की गई और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। इस दौरान 5 से 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा,'ग्रामीणों पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं।'
स्थिति को पुलिस ने कंट्रोल किया
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और शांति बहाल करने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन