मैं पीएम व शाह से मिलकर आता था, कुछ दिन बाद छापा पड़ जाता था; बघेल बोले- मुझे बाद में समझ आई वजह
बघेल ने हैरानी जताते हुए कहा, 'मैं उनके सामने वहां पर यह सब बोलकर आता था और आठवें दिन फिर से छापा पड़ जाता था। एक बार तो मैंने प्रधानमंत्री जी को फोन करके बोला भी कि साहब आपने तो कहा था कि मदद करूंगा, लेकिन आपने तो यहां रेड डलवा दिया।'

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भूपेश बघेल ने अपने खिलाफ दर्ज केसों को केंद्र सरकार की साजिश बताया है और इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर दबाव की राजनीति करने का आरोप लगाया है। बघेल का कहना है कि एक-दो बार मोदी जी और अमित शाह जी ने मुझे मिलने के लिए बुलाया था, वहां उन्होंने मुझे मदद की पेशकश की। लेकिन तब मैं समझ नहीं पाया कि आखिर वो बदले में मुझसे क्या चाहते हैं, इसलिए जब भी मैं उनसे मिलकर आता था तो उसके कुछ दिन बाद ईडी व अन्य एजेंसियों के नए छापे पड़ जाते थे। बघेल ने यह बात कांग्रेस के पूर्व नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल से उनके यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कही।
वो पूछते- आपकी मदद कैसे करें?
इंटरव्यू के दौरान कपिल सिब्बल ने जब उनसे कहा कि आपके यहां पड़े छापों के पीछे शायद उनकी यही सोच रही होगी कि आप पर दबाव डालकर आपको भाजपा में शामिल करवाना चाहते हों। तो जवाब में बघेल ने कहा कि हां हो सकता है, उनकी मंशा यही रही हो, लेकिन यह बात मुझे बहुत बाद में समझ में आई। बघेल ने कहा, 'एक-दो बार अमित शाह जी ने मुझे बुलाया था और मोदी जी ने भी बुलाया था। लेकिन मैं समझा नहीं कि वह लोग किसलिए बुलाए हैं, उनका इशारा मुझे बाद में समझ में आया, क्योंकि जब भी मैं उनसे मिलकर आता था, उसके बाद और छापा पड़ जाता था। इसके बाद फिर वो पूछते थे कि हम आपकी कैसे मदद करें।'
'मुझे बहुत सुखद आश्चर्य होता था'
बघेल ने बताया कि 'उनकी लाइन यही होती थी कि आपके खिलाफ कौन-कौन से केस चल रहे हैं, आपके विश्वसनीय अधिकारी कौन-कौन से हैं। तब मैंने उनको मुझे होने वाले बहुत सुखद आश्चर्य के बारे में बताया भी था। मैंने कहा था, मैं विपक्ष का हूं और मेरा विपक्षी धर्म भी यही कहता है कि मैं आपकी आलोचना करूं और मैं करता भी हूं। लेकिन उसके बाद भी आप मुझे बुलाकर सहयोग करने की बात कह रहे हैं, तो यह मेरे लिए सुखद आश्चर्य था, मैं सोच भी नहीं सकता कि आप मेरा सहयोग करना चाहते थे।'
बघेल का दावा- पीएम से कहा था आपने तो छापा पड़वा दिया
आगे बघेल ने पीएम को फोन लगाने व मदद के बदले छापा पड़वाने की शिकायत करने का दावा भी किया। बघेल ने कहा, 'मैं उनके सामने वहां पर यह सब बोलकर आता था और आठवें दिन फिर से छापा पड़ जाता था। एक बार तो मैंने प्रधानमंत्री जी को फोन करके बोला भी कि साहब आपने तो कहा था कि मदद करूंगा, लेकिन आपने तो यहां रेड डलवा दिया। फिर उन्होंने कहा था- मैं अधिकारियों को बोलता हूं, बात करता हूं।'
इसके आगे बोलते हुए बघेल ने कहा, 'ये स्थिति थी, मुझे समझ नहीं आता था कि भाजपा में बुलाने के लिए ये ऐसा कर रहे हैं। मुझे उम्मीद नहीं थी, कि वो इस प्रकार से करेंगे। हालांकि वो सीधे बोलते नहीं थे, लेकिन मुझे बाद में समझ आया कि मैं कुछ बोलकर नहीं आता था, कमिटमेंट करके नहीं आता था, इस वजह से वहां से आने के बाद चौथे-पांचवें दिन छापा पड़ जाता था।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन