अमित शाह बताएं, कितने पंचायतों को 1 करोड़ रुपये दिए? नहीं तो आकर माफी मांगें; भूपेश बघेल
बघेल ने पूछा कि नक्सल मुक्त पंचायतों को 1 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया गया था, तो अब तक कितनी पंचायतों को 1 करोड़ रुपया दिया है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार ने पैसा नहीं दिया है, तो अमित शाह को बस्तर के लोगों से माफी मांग लेनी चाहिए।

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होने के दावों के बीच अब राजनीति भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके ही पुराने वादे की याद दिलाते हुए बड़ा सवाल खड़ा किया है। बघेल ने पूछा कि नक्सल मुक्त पंचायतों को 1 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया गया था, तो अब तक कितनी पंचायतों को 1 करोड़ रुपया दिया है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार ने पैसा नहीं दिया है, तो अमित शाह को बस्तर के लोगों से माफी मांग लेनी चाहिए।
कितनी पंचायतों को 1 करोड़ रुपये दिए?
अमित शाह जी ने इसी बस्तर में आकर कहा था, जो गांव नक्सल मुक्त होगा उन पंचायतों को हम एक करोड़ रुपये देंगे। बताओ, बोला था या नहीं। हल्के-फुल्के अंदाज में कहा- क्या पत्रकार लोग हां भी नहीं कहोगे। बोले थे ना? तो कितनी पंचायतों को 1 करोड़ रुपया दिया है।
नहीं तो माफी मांग लें अमित शाह
अब नक्सल मुक्त हो गया है। केंद्र की सरकार है। डबल इंजन की सरकार है। बस्तर में मान लो 2000 पंचायत है, तो 2000 रुपया पंचायतों के खाते में ट्रांसफर हो जाएंगे। नहीं तो माफी मांग लें अमित शाह जी बस्तर के लोगों से कि हां मैंने झूठ बोला है। माफी मांग लें, बस्तर बहुत उदार है, माफ कर देगा।
क्या अमित शाह ने सच में ऐसा कहा था
अब सवाल है क्या गृह मंत्री अमित शाह ने कभी इस तरह का बयान दिया था। जी हां। दिया था। गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में 'बस्तर पंडुम' समारोह के समापन पर नक्सलियों से अपील करते हुए कहा था- वे लोग हथियार डालकर मुख्यधारा में शामिल हों जाएं। शाह ने यह भी एलान किया था कि जो गांव नक्सलियों को सरेंडर कराएगा, उसे 'नक्सल मुक्त' घोषित कर 1 करोड़ रुपये की विकास राशि दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ने भी दोहराई थी बात
डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा भी इस तरह का ऐलान कर चुके हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा था- छत्तीसगढ़ में नक्सलमुक्त होने वाली पंचायतों को सरकार 1 करोड़ देगी। इस राशि का उपयोग उन पंचायतों में आने वाले गांवों के विकास के लिए किया जाएगा।
अमित शाह बोले- बस्तर नक्सल मुक्त हो गया है
आपको बताते चलें कि अमित शाह ने ऐलान किया है कि बस्तर नक्सल मुक्त हो गया है। छत्तीसगढ़ के बस्तर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं 31 मार्च, 2026 के बाद पहली बार बस्तर आया हूं। यहां केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक हुई। हम सभी के लिए यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि बस्तर नक्सल मुक्त हो गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन