UPTET : Confusion Arises Over the Inclusion of BEd in Primary Level Exam what Supreme Court Ruled UPTET : यूपी टीईटी प्राइमरी लेवल में BEd का नाम आने से कंफ्यूजन, सप्रीम कोर्ट ने माना है अयोग्य, Career Hindi News - Hindustan
More

UPTET : यूपी टीईटी प्राइमरी लेवल में BEd का नाम आने से कंफ्यूजन, सप्रीम कोर्ट ने माना है अयोग्य

UPTET :  उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी यूपी टीईटी की गाइडलाइन में प्राथमिक स्तर की परीक्षा में बीएड का जिक्र होने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।

Sun, 22 March 2026 08:19 AMPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान
share
UPTET : यूपी टीईटी प्राइमरी लेवल में BEd का नाम आने से कंफ्यूजन, सप्रीम कोर्ट ने माना है अयोग्य

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी यूपी टीईटी की गाइडलाइन में प्राथमिक स्तर की परीक्षा में बीएड का जिक्र होने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। सर्वोच्च न्यायालय ने 11 अगस्त 2023 के आदेश में प्राथमिक स्तर की शिक्षक भर्ती में बीएड अभ्यर्थियों को अर्ह नहीं माना था। आयोग की गाइडलाइन में प्राथमिक स्तर की टीईटी के लिए शैक्षिक अर्हता में बीएड नहीं है।

हालांकि अर्हता के नीचे दी गई टिप्पणी में लिखा है कि एनसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थानों से शिक्षा स्नातक की उपाधि (बीएड) प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा एक से पांच) में नियुक्त होने के दो वर्ष के भीतर प्राथमिक शिक्षा में छह माह का एक सेतु पाठ्यक्रम (ब्रिज कोर्स) आवश्यक रूप से पूरा करना होगा। इससे कुछ अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने वाले संभल निवासी बीटीसी 2015 बैच के राजवसु आर्य का कहना है कि आयोग की गाइडलाइन में प्राथमिक स्तर की परीक्षा के संबंध में बीएड का जिक्र होने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसे दूर करने के लिए आयोग को मेल भी किया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सालों से पढ़ा रहे मास्टरों को भी देना होगा TET इम्तिहान, SC कर चुका है सख्ती

तीन लाख डीएलएड प्रशिक्षु बाहर क्यों?

चार साल बाद होने जा रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2026 से लगभग तीन लाख डीएलएड प्रशिक्षुओं को बाहर कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के 16 जुलाई 2019 के आदेश पर राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की ओर से चार अगस्त 2022 को जारी पत्र में साफ किया गया है कि किसी भी शिक्षक प्रशिक्षक पाठ्यक्रम (डीएलएड, बीएड या डीएड आदि) में प्रवेश लेने वाला अभ्यर्थी टीईटी में शामिल होने के लिए पात्र है। इसी के साथ एनसीटीई ने अपनी 11 फरवरी 2011 की अधिसूचना को भी संशोधित कर दिया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:4 साल बाद होगी यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा, नोटिफिकेशन में क्या खास; पूरी डिटेल

इस लिहाज से डीएलएड, बीएड या डीएड आदि शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के प्रथम से लेकर चतुर्थ सेमेस्टर तक के प्रशिक्षु भी यूपी-टीईटी में आवेदन के लिए पात्र हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी यूपी-टीईटी 2026 के विज्ञापन में प्राथमिक स्तर की टीईटी के लिए एनसीटीई से मान्यता प्राप्त एवं उत्तर प्रदेश शासन से संबद्ध संस्था से दो वर्षीय डीएलएड (बीटीसी) पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में शामिल होने वाले या उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को ही आवेदन के लिए अर्ह माना है।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।