uptet 2026 application last date extended 3 may otr server issue UPTET 2026: सर्वर के नखरों से मिली राहत, फॉर्म भरने की मोहलत बढ़ी; 3 मई तक करें आवेदन, Career Hindi News - Hindustan
More

UPTET 2026: सर्वर के नखरों से मिली राहत, फॉर्म भरने की मोहलत बढ़ी; 3 मई तक करें आवेदन

यूपीटीईटी 2026 के उम्मीदवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ओटीआर सर्वर की दिक्कतों के चलते ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 3 मई और आवेदन में सुधार की तारीख 8 मई तक बढ़ा दी गई है।

Sat, 25 April 2026 09:19 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
UPTET 2026: सर्वर के नखरों से मिली राहत, फॉर्म भरने की मोहलत बढ़ी; 3 मई तक करें आवेदन

यूपी के सरकारी स्कूलों में मास्टर बनने का ख्वाब देख रहे लाखों नौजवानों के लिए एक बेहद सुकून देने वाली खबर आई है। अगर आप भी यूपीटीईटी (UPTET) 2026 का फॉर्म भर रहे थे और पिछले कुछ दिनों से सर्वर डाउन होने की वजह से कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठे-बैठे परेशान हो चुके थे, तो अब आप चैन की सांस ले सकते हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने उम्मीदवारों की इस बड़ी परेशानी को समझते हुए यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन और फीस जमा करने की आखिरी तारीख को आगे खिसका दिया है। अब आप 3 मई तक अपना फॉर्म इत्मीनान से भर सकते हैं।

दरअसल, पिछले कई दिनों से वेबसाइट का सर्वर बुरी तरह हांफ रहा था। फॉर्म भरने की हड़बड़ी और आखिरी तारीख के सिर पर आ जाने की वजह से वेबसाइट पर एक साथ लाखों की भीड़ टूट पड़ी थी। नतीजा ये हुआ कि सिस्टम बैठ गया और बहुत से उम्मीदवार अपना फॉर्म पूरा नहीं कर पा रहे थे। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने पहले आवेदन की जो आखिरी तारीख तय की थी, वो 26 अप्रैल थी। इसके साथ ही फॉर्म में अगर कोई गलती हो जाए तो उसे सुधारने और फीस की दिक्कत सुलझाने की आखिरी तारीख 1 मई तय की गई थी। लेकिन अब इस पूरे शेड्यूल में बदलाव कर दिया गया है।

3 मई तक मोहलत बढ़ा दी गई है

नए शेड्यूल के मुताबिक, अब आवेदन करने और फीस जमा करने की मोहलत 3 मई तक बढ़ा दी गई है। वहीं, अगर आपके फॉर्म में कोई गड़बड़ी हो गई है, स्पेलिंग मिस्टेक है या फिर बैंक खाते से फीस कट गई है पर वेबसाइट पर अपडेट नहीं हुई है, तो इन सब चीजों को ठीक करने यानी संशोधन और शुल्क समाधान की नई डेडलाइन अब 8 मई कर दी गई है। आयोग के उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह ने खुद इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी ओटीआर (OTR) प्रणाली में सर्वर से जुड़ी लगातार शिकायतें आ रही थीं। उम्मीदवारों के इसी तनाव को दूर करने और सबको फॉर्म भरने का बराबर मौका देने के मकसद से ही इन तारीखों में इजाफा किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:76 बच्चों के भविष्य से भद्दा मजाक, स्कूल की एक चूक से लग गया फेल का दाग
ये भी पढ़ें:CBSE 12वीं के नतीजे जल्द, इस बार जानें क्या है नया मार्किंग फॉर्मूला
ये भी पढ़ें:हालात थे मुश्किल, हौसला था बुलंद, मनोज ने ऐसे किया UPSC में कमाल

अब तक 12.5 लाख आवेदन

अगर आंकड़ों की बात करें, तो यूपीटीईटी का क्रेज किस कदर है, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अब तक साढ़े बारह लाख (12.5 लाख) से ज्यादा उम्मीदवार इसके लिए अपना दावा ठोक चुके हैं। जैसे-जैसे पुरानी डेडलाइन (26 अप्रैल) करीब आ रही थी, वैसे-वैसे साइट पर ट्रैफिक का ऐसा सैलाब आया कि सर्वर ने घुटने टेक दिए। 27 मार्च से जब ये ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हुई थी, तब से लेकर अब तक 14,58,104 उम्मीदवार ओटीआर के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। इनमें से 12,80,845 खुशकिस्मत लोगों को उनका ओटीआर नंबर भी आवंटित हो चुका है। इसी ओटीआर के जरिए 12,59,173 उम्मीदवारों ने यूपीटीईटी के लिए अपना फाइनल ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक सबमिट कर दिया है।

हैरानी की बात तो ये है कि सिर्फ शनिवार के एक ही दिन में 1,04,196 उम्मीदवारों ने धड़ाधड़ फॉर्म भरे हैं। वहीं, अगर पिछले सिर्फ एक हफ्ते का रिकॉर्ड देखें तो 5,68,922 लोगों ने अपना आवेदन किया है। ये आंकड़े साफ गवाही दे रहे हैं कि इस बार यूपीटीईटी में मुकाबला कितना कांटे का होने वाला है। बेरोजगारी के इस दौर में एक सरकारी नौकरी, वो भी टीचर की, हर किसी का सपना होती है और कोई भी इस मौके को हाथ से नहीं जाने देना चाहता।

आखिर में उन सभी उम्मीदवारों के लिए एक अहम सलाह है जो अभी तक फॉर्म नहीं भर पाए हैं। भले ही आयोग ने तारीख बढ़ाकर 3 मई कर दी है, लेकिन अब दोबारा आखिरी दिन का इंतजार बिल्कुल मत कीजिएगा। सर्वर का कोई भरोसा नहीं होता, वो अंतिम दिनों के दबाव में कभी भी दोबारा नखरे दिखा सकता है। इसलिए जितनी जल्दी हो सके, अपना फॉर्म भर लें, फीस की रसीद पक्की कर लें और प्रिंट आउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें। इसके बाद बिना किसी दिमागी उलझन के अपना पूरा फोकस सिर्फ और सिर्फ परीक्षा की तैयारी पर लगाएं।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।