6 साल का लंबा इंतजार खत्म! 929 पदों पर UPSSSC ने निकाली ASO-ARO की बंपर भर्ती
UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 12 विभागों में सहायक सांख्यिकीय अधिकारी और सहायक शोध अधिकारी के 929 पदों पर बंपर भर्ती निकालने वाली है, जिसके लिए 21 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं के चेहरे पर आज एक अलग ही चमक है। और हो भी क्यों न? आखिर जिस भर्ती का वो सालों से बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उसका नोटिफिकेशन आखिरकार आ ही गया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सहायक सांख्यिकी अधिकारी (ASO) और सहायक अनुसंधान अधिकारी (ARO) के पदों पर बंपर भर्ती का ऐलान कर दिया है। अगर आप भी यूपी में एक अच्छी और रुतबे वाली सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो ये खबर आपके लिए किसी शानदार सौगात से कम नहीं है।
UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: पूरे 6 साल और 6 महीने बाद खत्म हुआ वनवास
जरा सोचिए, एक छात्र कितने अरमानों और मेहनत के साथ सरकारी नौकरी की तैयारी करता है। यूपीएसएसएससी ने पिछली बार इन पदों पर साल 2019 में भर्ती निकाली थी। उस वक्त 904 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। फॉर्म तो सितंबर 2019 में भरे गए, लेकिन सिस्टम की सुस्ती देखिए कि परीक्षा होते-होते मई 2022 आ गया और फाइनल रिजल्ट आते-आते जून 2024 हो गया। इस लंबे और थका देने वाले प्रोसेस ने कई छात्रों के सब्र का कड़ा इम्तिहान लिया। लेकिन अब, पूरे 6 साल और 6 महीने के लंबे अंतराल के बाद, आयोग ने 20 मार्च 2026 को नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करके एक नई उम्मीद जगा दी है। इस बार कुल 929 पदों पर योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं।
UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: कब से शुरू हो रहे हैं आवेदन?
अगर आप इस भर्ती के लिए अप्लाई करना चाहते हैं, तो तारीखों को अपने कैलेंडर में अच्छे से मार्क कर लीजिए। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है।
नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख: 20 मार्च 2026
फॉर्म भरने की शुरुआत: 21 अप्रैल 2026
अप्लाई करने और फीस जमा करने की आखिरी तारीख: 11 मई 2026
फॉर्म में करेक्शन (सुधार) की आखिरी तारीख: 18 मई 2026
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय रहते ही upsssc.gov.in पर जाकर अपना फॉर्म भर लें।
UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: कैटेगरी वाइज कितनी हैं वैकेंसी?
इस बार आयोग ने कुल 929 पदों का पिटारा खोला है। हर वर्ग के लिए पदों का बंटवारा कुछ इस तरह से किया गया है:
अनारक्षित : 311 पद
अन्य पिछड़ा वर्ग : 300 पद
अनुसूचित जाति : 211 पद
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग : 62 पद
अनुसूचित जनजाति : 12 पद
UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: क्या आप इसके लिए योग्य हैं?
सरकारी नौकरी में फॉर्म भरने से पहले ये जानना सबसे ज्यादा जरूरी है कि क्या आप उसके लिए फिट बैठते हैं या नहीं।
PET स्कोर: सबसे पहली और जरूरी शर्त यह है कि आपने UPSSSC द्वारा आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) 2025 दी हो। केवल वैलिड PET 2025 स्कोरकार्ड वाले युवाओं को ही मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
पढ़ाई-लिखाई: आपके पास किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से गणित, सांख्यिकी (Statistics), कॉमर्स या अर्थशास्त्र (Economics) में पोस्टग्रेजुएट (PG) यानी मास्टर डिग्री होनी चाहिए।
कंप्यूटर और टाइपिंग: सिर्फ डिग्री ही काफी नहीं है, आपके पास कंप्यूटर में 'O' लेवल का डिप्लोमा या उसके बराबर का कोई सर्टिफिकेट भी होना चाहिए। इसके साथ ही देवनागरी लिपि वाली हिंदी टाइपिंग पर आपकी अच्छी पकड़ होनी बेहद जरूरी है।
उम्र की सीमा: आवेदन करने वाले युवाओं की उम्र 21 से 40 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के मुताबिक अधिकतम उम्र सीमा में छूट दी जाएगी।
UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: कैसा होगा परीक्षा?
इस भर्ती में सेलेक्शन का रास्ता सीधा और साफ है। सबसे पहले उम्मीदवारों को उनके PET 2025 के स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। जो लोग कट-ऑफ पार करेंगे, उन्हें एक लिखित परीक्षा देनी होगी।
यह एक ऑब्जेक्टिव टाइप (MCQ) परीक्षा होगी, जिसमें कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे और हर सवाल 1 नंबर का होगा। इस पेपर को तीन खास हिस्सों में बांटा गया है:
1. पहला भाग: मुख्य विषय से जुड़े 75 अंकों के सवाल।
2. दूसरा भाग: कंप्यूटर नॉलेज, जो 15 अंकों का होगा।
3. तीसरा भाग: उत्तर प्रदेश राज्य से जुड़ी जनरल स्टडीज (यूपी जीके), जो 20 अंकों का होगा। (नोट: आयोग के नोटिफिकेशन में दिए गए अंकों के इस वेटेज को ध्यान में रखते हुए ही अपनी रणनीति बनाएं)।
UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: नाम मात्र की एप्लीकेशन फीस
सबसे अच्छी बात यह है कि इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आपकी जेब पर कोई खास बोझ नहीं पड़ेगा। सभी कैटेगरी (General, OBC, SC, ST) के उम्मीदवारों के लिए एप्लीकेशन फीस सिर्फ 25 रुपये रखी गई है। आप इसे डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के जरिए आसानी से जमा कर सकते हैं।
UPSSSC ASO ARO Recruitment 2026: कैसे करें अप्लाई?
आवेदन करने का तरीका पूरी तरह से डिजिटल है। आपको बस UPSSSC की ऑफिशियल वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाना है। वहां अपने PET 2025 की डिटेल्स डालकर लॉगिन और रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद अपना एप्लीकेशन फॉर्म भरें, मांगे गए सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें और अंत में 25 रुपये की फीस जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें। एक बात का ध्यान रखें कि भविष्य की जरूरत के लिए फॉर्म का प्रिंटआउट जरूर निकालकर रख लें। आयोग ने यह भी साफ किया है कि जरूरत पड़ने पर पदों की संख्या घट या बढ़ सकती है।




साइन इन