UPSC : यूपीएससी आईईएस परीक्षा में सेकेंड टॉपर बनीं प्रयागराज की बेटी ऊर्जा, DU व PRSU से की है पढ़ाई
UPSC IES Topper : यूपीएससी भारतीय आर्थिक सेवा (आईईएस) के अंतिम परिणाम में संगमनगरी की मेधावी छात्रा ऊर्जा रहेजा ने दूसरा स्थान हासिल किया है। ऊर्जा रोजाना करीब 10 घंटे पढ़ा करती थीं।

UPSC IES Topper Success story : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से बुधवार को घोषित भारतीय आर्थिक सेवा (आईईएस) के अंतिम परिणाम में संगमनगरी की मेधावी छात्रा ऊर्जा रहेजा ने दूसरा स्थान हासिल किया है। इस सेवा के लिए अखिल भारतीय स्तर पर 12 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। खास बात यह है कि ऊर्जा को यह सफलता उसके पहले प्रयास में ही मिली है। इसी साल उसने राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या- पीआरएसयू ) राज्य विश्वविद्यालय से गोल्ड मेडल के साथ एमए अर्थशास्त्र की पढ़ाई पूरी की है।
ऊर्जा ने स्कूली शिक्षा सेंट मेरीज कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की है। 2014 में 95.2 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं और 2016 में 97.5 फीसदी अंकों के साथ 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद ऊर्जा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में प्रवेश लिया। 2019 में बीए अर्थशास्त्र (ऑनर्स) करने के बाद यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुट गईं। 2023 और 2024 की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा में शामिल हुईं, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच उन्होंने 2023 में रज्जू भय्या राज्य विश्वविद्यालय में एमए अर्थशास्त्र में प्रवेश लिया क्योंकि भारतीय आर्थिक सेवा (आईईएस) में शामिल होने के लिए यह अनिवार्य है। इस साल उन्होंने न सिर्फ एमए में टॉप किया, बल्कि आईईएस में दूसरी रैंक हासिल कर साबित कर दिया कि असफलता से घबराना नहीं चाहिए। ऊर्जा ने बताया कि आईईएस की तैयारी उन्होंने इसी साल जनवरी से शुरू की थी।
प्रतिदिन औसतन दस घंटे करती थीं पढ़ाई
ऊर्जा रहेजा प्रतिदिन औसतन दस घंटे की पढ़ाई करती थीं। उन्होंने प्रतियोगी छात्रों को सलाह दी कि लक्ष्य से कभी भटके नहीं और प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए समान तैयारी करनी चाहिए। सिविल लाइंस निवासी ऊर्जा के पिता संजीव रहेजा की कटरा में चश्मे की दुकान है और मां सुनीता रहेजा हाउसमेकर हैं। बड़े भाई पिता के साथ बिजनेस में हैं।




साइन इन