upsc cse 2025 rank 301 controversy real akanksha singh ghazipur upsc clarification एक रैंक, दो दावेदार! UPSC ने बताया रैंक 301 वाली असली आकांक्षा सिंह कौन, Career Hindi News - Hindustan
More

एक रैंक, दो दावेदार! UPSC ने बताया रैंक 301 वाली असली आकांक्षा सिंह कौन

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में रैंक 301 को लेकर दो आकांक्षा सिंह के दावे सामने आए थे। अब आयोग ने साफ किया है कि असली उम्मीदवार गाजीपुर की आकांक्षा सिंह हैं, जिनका रोल नंबर 0856794 है।

Mon, 9 March 2026 07:11 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
एक रैंक, दो दावेदार! UPSC ने बताया रैंक 301 वाली असली आकांक्षा सिंह कौन

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिनी जाती है। हर साल लाखों युवा इस परीक्षा में बैठते हैं और उनमें से कुछ ही लोग अंतिम सूची में जगह बना पाते हैं। ऐसे में जब यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल परिणाम घोषित हुआ तो पूरे देश में सफल उम्मीदवारों को बधाइयों का दौर शुरू हो गया। लेकिन नतीजे आने के कुछ ही समय बाद एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सबको हैरान कर दिया। दरअसल मेरिट लिस्ट में रैंक 301 को लेकर दो अलग-अलग युवतियों ने दावा कर दिया कि यह रैंक उन्हीं की है। हैरानी की बात यह थी कि दोनों का नाम भी एक जैसा था। एक तरफ बिहार के आरा की रहने वाली आकांक्षा सिंह सामने आईं, जिन्होंने मीडिया के सामने अपनी सफलता की कहानी बताई। वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए दावा किया कि उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनलों तक चर्चा का विषय बन गया। मगर अब यूपीएससी ने खुलासा कर दिया है कि असली आकांक्षा सिंह कौन है जिसकी रैंक 301 आई है।

आखिरकार UPSC ने साफ कर दी सच्चाई

इस पूरे विवाद के बाद आखिरकार संघ लोक सेवा आयोग की तरफ से आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आया। आयोग ने अपने रिकॉर्ड के आधार पर स्पष्ट किया कि सिविल सेवा परीक्षा 2025 में रैंक 301 हासिल करने वाली असली उम्मीदवार उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की आकांक्षा सिंह हैं। आयोग के अनुसार उनका रोल नंबर 0856794 है। उनके पिता का नाम रणजीत सिंह और माता का नाम नीलम सिंह है। उनका पता ग्राम अभयपुर, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश बताया गया है। आयोग ने यह भी बताया कि उसके आधिकारिक रिकॉर्ड में यही जानकारी दर्ज है और उसी के आधार पर यह पुष्टि की गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी पुलिस परीक्षा से पहले भर्ती बोर्ड का कड़ा फरमान
ये भी पढ़ें:सड़क हादसा, याददाश्त खोई; व्हीलचेयर पर बैठकर अथिरा ने पास की UPSC
ये भी पढ़ें:UPSC में बेटियों ने गाड़े झंडे! टॉप 25 में 11 महिलाएं, 299 बेटियां बनेंगी अफसर

दोनों तरफ से किए गए दावे

रिजल्ट आने पर बिहार के आरा की आकांक्षा सिंह ने कहा कि उन्होंने लगातार मेहनत की और यह उनका दूसरा प्रयास था। उनका कहना था कि उन्होंने हर दिन कई घंटों तक पढ़ाई की और उन्हें भरोसा था कि इस बार वह सफल होंगी। दूसरी ओर गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी रैंक और पहचान का कोई और इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में आईडी कार्ड और यूपीएससी का ई-समन भी साझा किया। उनके मुताबिक असली उम्मीदवार वही हैं और उनके नाम का गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है। दोनों ही युवतियों के पास अपने-अपने दस्तावेज थे और दोनों ही पूरी मजबूती से अपना दावा कर रही थीं। इसी वजह से लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि आखिर सच क्या है।

विवाद के बाद भी बनी रही चर्चा

यूपीएससी के स्पष्टीकरण के बाद यह साफ हो गया कि रैंक 301 किस उम्मीदवार की है, लेकिन इस पूरे मामले ने कुछ समय के लिए काफी हलचल जरूर पैदा कर दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस घटना पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं और कई लोगों ने इसे बेहद हैरान करने वाला मामला बताया।

यह घटना इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में इस तरह की स्थिति बहुत कम देखने को मिलती है। नतीजे आने के बाद अचानक एक ही नाम के दो दावेदार सामने आ जाना लोगों के लिए किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। अब आयोग की तरफ से स्पष्ट जानकारी आने के बाद तस्वीर साफ हो गई है और यह तय हो चुका है कि रैंक 301 गाजीपुर की आकांक्षा सिंह के नाम दर्ज है।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।