UPPSC RO/ARO 2023 का फाइनल रिजल्ट घोषित, अनिल पांडेय बने टॉपर, यहां देखें मेरिट लिस्ट
UPPSC RO/ARO 2023 Final Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा-2023 का परिणाम घोषित कर दिया है। अनिल पांडेय ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉप किया है।

UPPSC RO/ARO 2023 Final Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने रविवार की देर रात समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा-2023 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस रिजल्ट के साथ ही प्रदेश के उन हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है, जिन्होंने पेपर लीक और परीक्षाओं के टलने जैसे कठिन दौर का सामना किया था।
419 में से 81 महिला उम्मीदवार का हुआ चयन
कुल 419 पदों के लिए जारी किए गए इस परिणाम में सफलता की कई नई कहानियां सामने आई हैं। खास बात यह है कि सफल अभ्यर्थियों में महिलाओं का दबदबा भी देखने को मिला है। कुल चयनित उम्मीदवारों में से 81 (लगभग 19 प्रतिशत) महिलाएं हैं, जो प्रशासन में आधी आबादी की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
टॉपरों की लिस्ट: किसने मारी बाजी?
सचिवालय से लेकर राजस्व परिषद तक, अलग-अलग विभागों के लिए जारी इस रिजल्ट में कई नाम चमक कर उभरे हैं। समीक्षा अधिकारी (सचिवालय) श्रेणी के 322 पदों में अनिल पांडेय ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉप किया है। उनके बाद आदित्य प्रताप सिंह दूसरे स्थान पर रहे, जबकि महिला अभ्यर्थी लक्ष्मी वर्मा ने तीसरा स्थान हासिल कर गौरवान्वित किया। समीक्षा अधिकारी (UPPSC) आयोग के अपने 13 पदों के लिए भानु मिश्रा पहले स्थान पर रहे।
राजस्व परिषद (RO) के 3 पदों में दिग्विजय सिंह ने बाजी मारी है, जबकि राजस्व परिषद के ही अन्य 23 पदों में कुंवर शिवम सिंह प्रथम स्थान पर रहे। सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) सचिवालय के 40 पदों में शम्सुल हुदा पहले, आशीष कुमार द्विवेदी दूसरे और अनुपम कुमार उपाध्याय तीसरे स्थान पर रहे। एआरओ (UPPSC) के 16 पदों में गणेश त्रिपाठी और एआरओ (लेखा) के 2 पदों में सजल कुमार सिंह ने टॉप स्थान प्राप्त किया है।
ढाई साल का लंबा और कड़ा सफर
9 अक्टूबर 2023 को शुरू हुई इस भर्ती प्रक्रिया को पूरा होने में लगभग ढाई साल का समय लग गया। इसकी मुख्य वजह 11 फरवरी 2024 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना था। पेपर लीक के विवादों के कारण परीक्षा को दोबारा कराना पड़ा और कानूनी अड़चनों के बीच अभ्यर्थियों को लंबा धैर्य रखना पड़ा। आखिरकार, रविवार की रात आयोग की वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर रिजल्ट अपलोड होते ही चयनितों के घरों में जश्न का माहौल बन गया।
कैसे देखें अपना परिणाम?
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर और नाम चेक कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार कट-ऑफ अंक भी जल्द ही पोर्टल पर जारी कर दिए जाएंगे। यह भर्ती न केवल प्रतिष्ठित है बल्कि उत्तर प्रदेश प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर भी प्रदान करती है।




साइन इन