UP Board Exam : बाइक और ऑटो से भेजी जा रही हैं यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियां
यूपी बोर्ड 10वीं 12वीं परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षा के साथ लापरवाही हो रही है। कॉपियों को बिना पुलिस अभिरक्षा में ही संकलन केंद्रों तक भेजा जा रहा है।

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षा के साथ लापरवाही हो रही है। दोनों पालियों की परीक्षा के बाद कॉपियों को बिना पुलिस अभिरक्षा में ही संकलन केंद्रों तक भेजा जा रहा है। जिस जिले में यूपी बोर्ड का मुख्यालय है वहीं पर कॉपियां पहुंचाने में लापरवाही हो रही है तो दूसरे जिलों में क्या व्यवस्था होगी इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
शासन के सचिव मोहित गुप्ता ने सात जनवरी को सभी पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी और एसपी को निर्देशित किया था कि परीक्षा के बाद केंद्र से संकलन केंद्र तक उत्तरपुस्तिकाओं का परिवहन पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रूप से कराया जाएगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों व संकलन केंद्र/भंडारण केंद्र पर भी पुलिस अभिरक्षा बनाए रखी जएगी, अन्यथा की स्थिति में संबंधित जिला प्रशासन और जिला विद्यालय निरीक्षक उत्तरदायी होंगे।
आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने शुक्रवार को पहली पाली की परीक्षा होने के बाद मुख्य संकलन केंद्र पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज का जायजा लिया तो अधिकांश परीक्षा केंद्रों से कॉपियां बाइक पर पहुंचती मिली। केंद्रों के दो कर्मचारी बाइक पर बीच में बंडल लेकर पहुंचाते मिले। उनके साथ कोई पुलिसकर्मी नहीं था। यही स्थिति जिले के अन्य संकलन केंद्रों की भी है।
गौरतलब है कि पिछले साल कुशीनगर में इसी तरह बाइक पर परीक्षा केंद्र से संकलन केंद्र तक हाईस्कूल अंग्रेजी की कॉपियां ले जाते समय 250 कॉपियों का बंडल गुम हो गया था। इसके चलते बोर्ड को संबंधित परीक्षार्थियों की परीक्षा दोबारा करानी पड़ी थी।
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने कहा कि अगर बोर्ड परीक्षा की कॉपियां पहुंचाने में लापरवाही हो रही है तो जिला स्कूल निरीक्षक से रिपोर्ट ली जाएगी।
परीक्षा में पकड़े गए पांच सॉल्वर, एफआईआर दर्ज
यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान शुक्रवार को पांच सॉल्वर पकड़े गए। सभी के खिलाफ अलग-अलग जिलों में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के तहत एफआईआर कराई गई है। इसके अलावा तीन परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का उपयोग करते हुए भी पकड़ा गया। सभी 75 जिलों से मिली सूचना के मुताबिक तीसरे दिन की परीक्षा में 298959 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान एवं इंटरमीडिएट कृषि शस्य विज्ञान-प्रथम प्रश्नपत्र (कृषि भाग-1) एवं कृषि शस्य विज्ञान-षष्टम् प्रश्नपत्र (कृषि भाग-2) की परीक्षा प्रदेश के 8,033 केंद्रों पर कराई गई। इसमें पंजीकृत हाईस्कूल के 27,44,730 तथा इंटरमीडिएट के 22,357 कुल 27,67,087 परीक्षार्थियों में से 170190 अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में दोपहर दो से 5:15 बजे तक इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा 7,997 केंद्रों पर कराई गई। इंटर अंग्रेजी में पंजीकृत 23,54,918 परीक्षार्थियों में से 2226149 उपस्थित रहे, जबकि 128769 अनुपस्थित रहे। पहली पाली में गोरखपुर और प्रतापगढ़ में एक-एक, जबकि दूसरी पाली में झांसी, कन्नौज व एटा में एक-एक कुल पांच सॉल्वर को पकड़ा गया। अब तक कुल 11 सॉल्वर पकड़े जा चुके हैं। हाईस्कूल में फिरोजाबाद व मैनपुरी में एक-एक बालक व इंटर में कन्नौज में एक बालक अनुचित साधन का उपयोग करते पकड़ा गया।
प्रयागराज में 93 प्रतिशत से अधिक रही उपस्थिति
प्रयागराज। जिले में शुक्रवार को बोर्ड परीक्षा के दौरान 93 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति रही। हाईस्कूल में 94345 परीक्षार्थियों में से 87967 (93.23 प्रतिशत) उपस्थित, जबकि 6378 अनुपस्थित रहे। इंटर अंग्रेजी में पंजीकृत 87034 परीक्षार्थियों में से 81745 (93.29 फीसदी) उपस्थित, जबकि 5289 गैरहाजिर रहे। कृषि के पेपर में 235 में से 224 (95.32 प्रतिशत) उपस्थित रहे।




साइन इन