up board result 2026 date class 10th 12th many copy checking completed 2.70 करोड़ कॉपियां चेक, यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 कब तक आने की संभावना?, Career Hindi News - Hindustan
More

2.70 करोड़ कॉपियां चेक, यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 कब तक आने की संभावना?

यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की 2.75 करोड़ कॉपियों की चेकिंग का काम हो चुका है।  बोर्ड की तरफ से जल्द छात्रों के रिजल्ट को घोषित किए जाने की तैयारी की जा रही है।

Mon, 6 April 2026 04:24 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
2.70 करोड़ कॉपियां चेक, यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 कब तक आने की संभावना?

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की 2.75 करोड़ आंसर शीट्स यानी कॉपियां जांचने का एक बहुत बड़ा और थका देने वाला काम पूरा कर लिया है। अब बोर्ड का पूरा का पूरा फोकस यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 की तैयारी पर टिका है। लाखों घरों में इस वक्त सिर्फ यही चर्चा है पैरेंट्स हों या बच्चे सबकी निगाहें नतीजों की तारीख पर टिकी हैं। क्या आपको अंदाजा है कि यह काम कितना विशाल था? इस बार करीब 50 लाख छात्रों ने बोर्ड की परीक्षा दी है। ये कोई मामूली आंकड़ा नहीं है क्योंकि कई देशों की तो कुल आबादी भी इतनी नहीं होती जितने यूपी में बोर्ड के एग्जाम देते हैं। इन 50 लाख से ज्यादा बच्चों की मेहनत का हिसाब अब होने वाला है। 18 मार्च को इस महा अभियान की शुरुआत हुई थी। शुरुआत में बोर्ड ने तय किया था कि 1 अप्रैल तक यह सारा काम निबटा लिया जाएगा। लेकिन मार्च के आखिर और अप्रैल की शुरुआत में ईद और रामनवमी जैसे बड़े त्योहार आ गए। जाहिर है त्योहारों की छुट्टियां तो बनती ही हैं। इसलिए, हालात को देखते हुए बोर्ड ने थोड़ी सी मोहलत बढ़ाते हुए 4 अप्रैल तक का वक्त दे दिया। 4 अप्रैल को राज्य भर में बनाए गए 254 मूल्यांकन केंद्रों पर यह पहाड़ जैसा काम आखिरकार पूरा हो गया।

सुरक्षा ऐसी कि परिंदा भी पर न मार सके

इस भारी भरकम जिम्मेदारी को निभाने के लिए 1.53 लाख अनुभवी परीक्षकों (एग्जामिनर्स) की फौज लगाई गई थी, जिन्होंने दिन रात एक करके कॉपियां जांचीं। इस बार की चेकिंग कोई आम चेकिंग नहीं थी। यूपी बोर्ड ने पहले ही ठान लिया था कि किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी, नकल या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तकनीक और सुरक्षा का ऐसा चाक चौबंद तालमेल देखने को मिला, जो वाकई काबिले तारीफ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:JEE में फेल, Harvard से MBA किया; अभिजय अरोड़ा को कैसे मिली YouTube में नौकरी?
ये भी पढ़ें:UP बोर्ड का बड़ा फैसला, छूटे हुए प्रैक्टिकल के लिए 9-10 अप्रैल को आखिरी मौका!
ये भी पढ़ें:महाराष्ट्र CET 2026 परीक्षा शेड्यूल बदला, PCM की सिटी स्लिप दोबारा करें डाउनलोड

जिन सेंटर्स पर कॉपियां जांची जा रही थीं, वहां सुरक्षा किसी किले से कम नहीं थी। हर सेंटर पर 24 घंटे हथियारों से लैस पुलिस के जवान तैनात रहे। इसके अलावा, तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरे लगातार हर एक कमरे और हर एक टीचर की हरकतों पर बारीक नजर रखे हुए थे। अनुशासन का आलम यह था कि कॉपियां जांचने वाले 1.53 लाख शिक्षकों को अपने स्मार्टफोन तक अंदर ले जाने की सख्त मनाही थी। बोर्ड का साफ मानना था कि प्राइवेसी और काम की शुद्धता से कोई समझौता नहीं होगा, ताकि किसी भी बच्चे के नंबरों के साथ कोई नाइंसाफी न हो।

कब आ रहा है रिजल्ट?

अब जब कॉपियां चेक हो चुकी हैं, तो आगे क्या? दरअसल, अब डेटा प्रोसेसिंग और मेरिट लिस्ट तैयार करने का सबसे अहम और बारीक काम शुरू हो चुका है। हर एक छात्र के नंबरों को पूरी सावधानी के साथ कंप्यूटर में फीड किया जा रहा है। टॉपर्स की कॉपियों का क्रॉस वेरिफिकेशन भी होता है ताकि नतीजे एकदम सटीक रहें।

अब आते हैं उस सबसे बड़े सवाल पर कि रिजल्ट आखिर कब आएगा? अगर हम यूपी बोर्ड के पिछले कुछ सालों के इतिहास और ट्रेंड पर नजर डालें, तो तस्वीर काफी साफ हो जाती है। आपको याद होगा कि पिछले साल यानी 2025 में 25 अप्रैल को नतीजे घोषित कर दिए गए थे। मजे की बात यह है कि पिछले साल कॉपी चेकिंग शुरू होने के महज 23 दिन के अंदर ही रिजल्ट जारी करके बोर्ड ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया था। इस बार यानी 2026 के लिए भी उम्मीदें इसी रफ्तार की हैं। माना जा रहा है कि बीते सालों के ट्रेंड की ही तरह अगले कुछ दिनों के भीतर रिजल्ट पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने भी साफ कर दिया है कि नतीजे बिल्कुल तय वक्त पर आएंगे। जानकारों और बोर्ड के सूत्रों की मानें तो अप्रैल के आखिरी हफ्तों के आस पास अचानक से खुशखबरी आ सकती है।

छात्रों को बस यही सलाह है कि वे इधर उधर की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और किसी भी सही जानकारी के लिए सिर्फ यूपीएमएसपी (UPMSP) की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। 2.75 करोड़ कॉपियों में बंद आपकी मेहनत अब मार्कशीट बनकर आपके सामने आने ही वाली है। नतीजों के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं!

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और HPBOSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।