UP board : 3 solvers and principal arrested in UP board exam malpractice and cheating case UP Board Exam : यूपी बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी और नकल के मामले में 3 सॉल्वर और प्रधानाचार्य गिरफ्तार, Career Hindi News - Hindustan
More

UP Board Exam : यूपी बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी और नकल के मामले में 3 सॉल्वर और प्रधानाचार्य गिरफ्तार

UP Board Exam : यूपी बोर्ड की परीक्षा में सोमवार को तीन सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया है। पहली पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी के पेपर में गाजीपुर और आजमगढ़, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट जीवविज्ञान की परीक्षा में जौनपुर में कार्रवाई हुई।

Tue, 24 Feb 2026 01:22 PMPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, हिटी, गाजीपुर/आजमगढ़/जौनपुर
share
UP Board Exam : यूपी बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी और नकल के मामले में 3 सॉल्वर और प्रधानाचार्य गिरफ्तार

UP Board Exam 2026: गाजीपुर में नकल कराने के आरोप में प्रधानाचार्य को भी गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ वाराणसी यूनिट के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने पहली पाली में गाजीपुर के करूवी बहलोलपुर स्थित भगेलू दास इंटर कॉलेज में छापेमारी की। कक्षा संख्या 12 में शुभम यादव की जगह शिवम यादव निवासी सरायलखंसी, मऊ परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल, हाईस्कूल अंग्रेजी का प्रश्न पत्र, उत्तर पुस्तिका, ओएमआर शीट और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। उससे पूछताछ के बाद टीम ने प्रधानाचार्य विंध्याचल यादव निवासी करूवी बहलोलपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोप है कि प्रधानाचार्य ने नकल कराने के एवज में 40 हजार रुपये लिए थे। उधर, आजमगढ़ के उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज, कोयलसा में भी हाईस्कूल अंग्रेजी के पेपर में आशीष कुमार की जगह परीक्षा दे रहे पंकज को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जौनपुर में नरेंद्र बहादुर सिंह इंटर कालेज, घघरिया में मनीष यादव की जगह परीक्षा ( UP Board Exam 2026 ) दे रहे साहस यादव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बाइक और ऑटो से भेजी जा रही हैं यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियां

नकल कराने में शिक्षक-केंद्र व्यवस्थापक फंसे

यूपी बोर्ड की परीक्षा ( UP Board Exam 2026 ) के दौरान नकल कराने पर शिक्षक और केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। निरीक्षण के दौरान कक्ष निरीक्षक के पास से सात पन्ने का सॉल्व पेपर मिला है। प्रयागराज जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह ने बताया कि कड़ेदीन सिंह स्मारक इंटर कॉलेज मदारी मऊआइमा में सोमवार को द्वितीय पाली में इंटर गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा में औचक निरीक्षण के दौरान कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात वेद व्यास मिश्र नकल करवाते पाए गए। वह प्रश्नों का उत्तर लिखकर परीक्षार्थियों को बोलकर लिखवा रहे थे। नकल करवाने में लिप्त पाए जाने पर वेद व्यास मिश्र और परीक्षा केंद्र के व्यवस्थापक बृजराज के विरुद्ध थाना मऊआइमा में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के तहत एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।