SSC Vacancy : इस माह की अंतिम तिथि पर CGL समेत निकलेंगी 3 बड़ी भर्तियां, एसएससी का संशोधित कैलेंडर जारी
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने वर्ष 2026-27 के लिए भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी किया है। इन परीक्षाओं में बिहार के सात से आठ लाख अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। ssc.gov.in पर कैलेंडर और महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने वर्ष 2026-27 के लिए भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी किया है। इन परीक्षाओं में बिहार के सात से आठ लाख अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर कैलेंडर और महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कैलेंडर के अनुसार सबसे पहले 16 मार्च को एएसओ ग्रेड लिमिटेड विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (पेपर-1) हुई।
इसके बाद 31 मार्च को संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल) टियर-1, सेलेक्शन पोस्ट परीक्षा और जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल) परीक्षा के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी। आयोग ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को संयुक्त हिंदी अनुवादक परीक्षा, स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ और ‘डी’ परीक्षा व संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तरीय परीक्षा (सीएचसीएल टेन प्लस टू) की अधिसूचना जारी की जाएगी। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) में सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन 31 मई को जारी होगा। मल्टी टास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ परीक्षा के लिए अधिसूचना 30 जून को जारी की जाएगी, जबकि कांस्टेबल (जीडी) सीएपीएफ, एसएसएफ और राइफलमैन भर्ती परीक्षा 2027 के लिए 30 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी होगी।
संशोधित कैलेंडर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अधिकतर परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित होंगी। इनमें तकनीकी और विभागीय पदों की भर्ती भी शामिल है। जूनियर इंजीनियर और संयुक्त हिंदी अनुवादक जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी बहाली होगी।
जेई के लिए अवेदन 30 अप्रैल तक
जेई परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। इसका पेपर-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा मई से जून के बीच होगी। संयुक्त हिंदी अनुवादक परीक्षा की अधिसूचना 30 अप्रैल को जारी होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई है। इसका पेपर-1 अगस्त से सितंबर के बीच होगी।
एसएससी जीडी की बंपर भर्ती निकलने के संकेत
केंद्र सरकार ने हाल ही में राज्यसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में जानकारी दी है कि वर्तमान में सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), और असम राइफल्स समेत विभिन्न बलों में 93,000 से अधिक पद खाली पड़े हैं। यह जानकारी उन युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है जो SSC GD कांस्टेबल और अन्य रक्षा परीक्षाओं के माध्यम से अर्धसैनिक बलों में शामिल होने का सपना देख रहे हैं। सरकार के इस बयान से संकेत मिलता है कि आने वाले समय में बड़ी संख्या में नई भर्तियां देखने को मिल सकती हैं।




साइन इन