SSC GD Constable Exam CBT : UP Candidates Outraged Screens Go Blank 2500 Return Without Exam in Two Days SSC GD Constable Exam : स्क्रीन ब्लैंक होने पर बिफरे जीडी भर्ती परीक्षार्थी, 2 दिन में 2500 बिना परीक्षा लौटे, Career Hindi News - Hindustan
More

SSC GD Constable Exam : स्क्रीन ब्लैंक होने पर बिफरे जीडी भर्ती परीक्षार्थी, 2 दिन में 2500 बिना परीक्षा लौटे

प्रयागराज में हनुमानगंज के अंदावा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय के आई-टेक जोन परीक्षा केंद्र पर कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की कांस्टेबल जीडी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी जमकर बवाल हुआ।

Wed, 27 May 2026 07:43 AMPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान संवाद, हनुमानगंज
share
SSC GD Constable Exam : स्क्रीन ब्लैंक होने पर बिफरे जीडी भर्ती परीक्षार्थी, 2 दिन में 2500 बिना परीक्षा लौटे

प्रयागराज में हनुमानगंज के अंदावा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय के आई-टेक जोन परीक्षा केंद्र पर कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की कांस्टेबल जीडी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी जमकर बवाल हुआ। सर्वर स्लो होने और परीक्षा अवधि पूरी होने से 24 मिनट पहले कंप्यूटर स्क्रीन ब्लैंक होने से नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र में तोड़फोड़ की और जीटी रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया, लेकिन घंटों अफरातफरी का माहौल बना रहा। जिसके बाद एसएससी ने इस केंद्र की 26 और 27 मई की परीक्षा को निरस्त कर दी।

आई-टेक जोन सेंटर पर मंगलवार को तीनों पालियों में करीब 500-500 अभ्यर्थियों की ऑनलाइन परीक्षा निर्धारित थी। पहली पाली में लगभग 495 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने के बाद से ही सर्वर बेहद धीमा चल रहा था। शिकायत करने पर केंद्र संचालकों ने जल्द समस्या ठीक होने का आश्वासन दिया, लेकिन कुछ देर बाद निर्धारित समय से 24 मिनट पहले सिस्टम की स्क्रीन स्वतः ब्लैंक हो गई। इससे परीक्षार्थी भड़क उठे। आक्रोशित अभ्यर्थियों ने केंद्र में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख परीक्षा संचालन कर रही बेंगलुरु की कंपनी एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजिस प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी केंद्र छोड़कर निकल गए। इसी दौरान दूसरी पाली के सैकड़ों अभ्यर्थी भी पहुंच गए। पहली पाली के परीक्षार्थियों से जानकारी मिलने पर वे भी नाराज हो गए और सैकड़ों छात्रों ने जीटी रोड पर चक्काजाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। उधर एसएससी के क्षेत्रीय कार्यालय के डिप्टी डायरेक्टर एग्जाम की ओर से सूचना जारी कर तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए 26 और 27 मई 2026 को इस केंद्र पर होने वाली तीनों पालियों की परीक्षा तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:SSC GD भर्ती परीक्षा तिथि में बदलाव, अब 27 मई को होगा पेपर

आयोग ने बताया कि प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा नई तिथि पर कराई जाएगी और नए प्रवेश पत्र जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद भी जताया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व सोमवार को भी इसी केंद्र पर जमकर बवाल हुआ था जिसके बाद एसएससी ने 25 मई की परीक्षा भी निरस्त कर दी थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एसएससी जीडी परीक्षा में कंप्यूटर न मिलने पर अभ्यर्थियों ने की तोड़फोड़

दो दिन में ढाई हजार अभ्यर्थी बिना परीक्षा लौटे

दो दिनों से लगातार तकनीकी खामियों और अव्यवस्थाओं के कारण करीब ढाई हजार अभ्यर्थी बिना परीक्षा दिए लौटने को मजबूर हुए। दूरदराज जिलों से ट्रेनों और बसों में लंबा सफर तय कर पहुंचे अभ्यर्थियों के चेहरे पर आक्रोश के साथ निराशा भी साफ दिखाई दी। भीषण गर्मी में घंटों इंतजार के बाद परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों ने व्यवस्था पर सवाल उठाए।

जाम में फंसे राहगीरों से हुई नोकझोंक

परीक्षा केंद्र के बाहर वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर चक्का जाम के दौरान भीषण गर्मी में फंसे राहगीरों और अभ्यर्थियों के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई। जाम की सूचना पर एसीपी थरवई, एसीपी फूलपुर और दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को शांत कराकर सड़क खाली कराई, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:छूट खत्म, हर सेक्शन पर 15 मिनट का टाइमर लागू, 12256 CGL भर्ती की 10 बड़ी बातें

पहले भी कई परीक्षाओं में हो चुका है हंगामा

स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस केंद्र का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले यूजीसी नेट और जून 2024 में एसएससी परीक्षा के दौरान भी यहां एक पाली की परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी। कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी अव्यवस्थाओं को लेकर बवाल हो चुका है। सरायइनायत थानाध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि वह अपने कार्यकाल में केंद्र के खिलाफ तीन बार रिपोर्ट भेज चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।