SSC GD Constable Exam : एसएससी जीडी परीक्षा में छात्रों को नहीं मिला कंप्यूटर, तोड़फोड़, कई केंद्रों पर परीक्षा रद्द
कर्मचारी चयन आयोग की कांस्टेबल जीडी परीक्षा के दौरान क्षमता से दोगुना परीक्षार्थियों के पहुंचने पर बवाल हो गया। सीट नहीं मिलने पर उग्र हुए अभ्यर्थियों ने जमकर तोड़फोड़ की।

यूपी में प्रयागराज के सरायइनायत थानाक्षेत्र के अंदावा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय के आई-टेक जोन परीक्षा केंद्र पर सोमवार को कर्मचारी चयन आयोग की कांस्टेबल जीडी परीक्षा के दौरान क्षमता से दोगुना परीक्षार्थियों के पहुंचने पर बवाल हो गया। एक से दो बजे की दूसरी पाली में सीट नहीं मिलने पर उग्र हुए अभ्यर्थियों ने जमकर तोड़फोड़ की। परीक्षार्थियों ने सैंकड़ों कम्प्यूटर सिस्टम के साथ एसी, कूलर, सीसीटीवी कैमरे, सर्वर, जैमर, वाटर कूलर तोड़ते के साथ ही जीटी रोड पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह परीक्षार्थियों को शांत कराकर एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया। एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना चस्पा हुई तो छात्र वापस चले गए।
एसएससी मध्य क्षेत्र ने परीक्षा की जिम्मेदारी बेंगलुरु की कंपनी एडूक्विटी कॅरियर टेक्नोलॉजिस प्राइवेट लिमिटेड को दी थी। अंदावा स्थित आई-टेक जोन सेंटर पर द्वितीय और तृतीय पाली की परीक्षा के लिए कुल 650 कम्प्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे लेकिन यहां पर द्वितीय पाली में 505 की जगह 1035 परीक्षार्थी एवं तृतीय पाली में 495 की जगह 1034 परीक्षार्थियों का केंद्र आवंटित कर दिया गया। केंद्र व्यवस्थापकों ने बताया कि अभ्यर्थियों के आवंटन की जानकारी सोमवार को ही केंद्र को ई-मेल पर भेजी गई।
केंद्र पर दोगुना अभ्यर्थियों के पहुंचने से अफरातफरी मच गई। जिन छात्रों को सिस्टम नहीं मिला वे तोड़फोड़ करने लगे। कई कक्ष के सभी सिस्टम और कुर्सियां तोड़ दी गईं। आरोप है कि दर्जनों सीपीयू और टीएफटी (मॉनिटर) भी छात्र उठा ले गए। सेंटर पर छात्रों ने इस कदर उत्पात मचाया कि कमरे में लगे एसी, कूलर, सीसीटीवी कैमरा भी नहीं छोड़ा, सभी क्षतिग्रस्त कर दिए। यहां से हंगामा करते हुए छात्र जैन मंदिर के सामने जीटी रोड पर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक जीटी रोड पर भी हंगामा होता रहा। मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष संजय गुप्ता, ट्रेनी आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, एसीपी थरवई अरुण पाराशर और एसीपी फूलपुर ने उग्र छात्रों को समझाकर चक्काजाम खुलवाया तब यातायात बहाल हुआ। वहीं लैपटॉप लेकर भाग रहे एक छात्र को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया।
प्रयागराज समेत पांच केंद्रों की परीक्षा निरस्त
एसएससी मध्य क्षेत्र ने तकनीकी कारणों के चलते प्रयागराज सहित पांच जिलों में आयोजित कांस्टेबल जीडी 2026 की सोमवार की दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग की ओर से जारी नोटिस के बाद हजारों अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बन गई है। प्रयागराज के अलावा कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित केंद्रों की परीक्षाएं भी रद्द की गई हैं।
सोमवार को एसएससी की कांस्टेबल जीडी की कानपुर के एसएमटी रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर तथा लखनऊ के सिटी मॉडर्न एकेडमी में दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा निरस्त हुई। वहीं गोरखपुर के महर्षि आईटी इंस्टीट्यूट ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर में दूसरी पाली की परीक्षा प्रभावित हुई। आयोग ने साफ किया है कि सभी प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा आगामी तिथि पर पुनः आयोजित होगी। नए प्रवेश पत्र वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।




साइन इन