RPSC SI Re-Exam 2026: राजस्थान SI भर्ती परीक्षा की नई तारीख घोषित! 20 सितंबर 2026 को दोबारा होगा एग्जाम
RPSC SI Bharti 2021 Re Exam: राजस्थान सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया गया है। अब यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

RPSC SI Re Exam 2026 Date: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा 2021 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे इंतजार और विवादों के बाद, आयोग ने इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करने का फैसला लिया है। राजस्थान सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया गया है। अब यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
यह फैसला उन लाखों अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है जो पिछले काफी समय से परीक्षा की अनिश्चितता को लेकर मानसिक तनाव में थे। पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बाद इस भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए थे, जिसके बाद सरकार और आयोग ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
परीक्षा की तैयारी और आयोग के निर्देश
आरपीएससी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई सूचनाओं पर ही भरोसा करें। सब इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। दोबारा होने वाली इस लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को ही अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी गाइडलाइंस
आयोग ने परीक्षा केंद्र पर अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चूंकि यह परीक्षा काफी विवादों में रही है, इसलिए इस बार सुरक्षा जांच पहले से कहीं अधिक सख्त होगी। परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए जाएंगे। परीक्षा केंद्र पर मूल आधार कार्ड ले जाना अनिवार्य होगा। इसके बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग टाइम का विशेष ध्यान रखना होगा। गेट बंद होने के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा।
क्यों हो रही है दोबारा परीक्षा?
2021 की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े और पेपर लीक की शिकायतें मिली थीं। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए थे, जिसमें कई चयनित अभ्यर्थियों के भी फर्जीवाड़े में शामिल होने की बात सामने आई थी। छात्रों के व्यापक विरोध और न्याय की मांग को देखते हुए सरकार ने पुरानी परीक्षा को रद्द कर नए सिरे से परीक्षा कराने का साहसिक कदम उठाया है, ताकि केवल योग्य उम्मीदवार ही पुलिस बल का हिस्सा बनें।




साइन इन