REET Level 1 Result 2026 जारी, हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म, ऐसे चेक करें मेरिट लिस्ट में अपना नाम
REET Level 1 Result 2026 जारी हो गया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती की मेरिट लिस्ट और कटऑफ जारी कर दी है।
राजस्थान में सरकारी शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने 11 जून 2026 को REET प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा (लेवल-1) का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर मेरिट लिस्ट और परिणाम पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं। RSSB के अध्यक्ष आलोक राज ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर परिणाम जारी होने की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शिक्षक भर्ती लेवल-1 का प्री-डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (Pre-DV) परिणाम स्वीकृत कर दिया गया है। इसके साथ ही लैब असिस्टेंट परीक्षा की प्रारंभिक उत्तर कुंजी भी जारी की गई है। अध्यक्ष ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए अगले चरण के लिए शुभकामनाएं दीं।
परिणाम में क्या-क्या शामिल है?
इस बार परिणाम केवल व्यक्तिगत स्कोरकार्ड के रूप में नहीं बल्कि कई महत्वपूर्ण पीडीएफ दस्तावेजों के रूप में जारी किया गया है। अभ्यर्थियों को इनमें अपनी स्थिति जांचनी होगी। मेरिट सूची में उन उम्मीदवारों के रोल नंबर शामिल हैं जिन्हें दस्तावेज सत्यापन के लिए चयनित किया गया है। इसके अलावा विभिन्न वर्गों जैसे सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस के लिए अलग-अलग कटऑफ अंक भी जारी किए गए हैं। बोर्ड ने ट्राइबल सब-प्लान (TSP) और नॉन-टीएसपी (NTSP) क्षेत्रों के उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग मेरिट सूची भी उपलब्ध कराई है। साथ ही परीक्षा में सफल घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या की जानकारी भी दी गई है।
ऐसे डाउनलोड करें REET Level 1 Result 2026
- परिणाम देखने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले RSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।
- वहां होमपेज पर मौजूद "Results" या "Latest Updates" सेक्शन में REET Level 1 Result 2026 का लिंक दिखाई देगा।
- लिंक पर क्लिक करते ही परिणाम की पीडीएफ खुल जाएगी।
- उम्मीदवार अपने कीबोर्ड पर Ctrl + F दबाकर अपना रोल नंबर खोज सकते हैं।
- यदि रोल नंबर सूची में मौजूद है तो उम्मीदवार अगले चरण यानी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए पात्र माना जाएगा।
अब क्या होगा अगला चरण?
परिणाम जारी होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना होगा। इस दौरान शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात की जांच की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन सफल होने के बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
गौरतलब है REET लेवल-1 परीक्षा राजस्थान में प्राथमिक विद्यालयों के लिए शिक्षकों की भर्ती का अहम माध्यम है। परिणाम जारी होने के बाद हजारों अभ्यर्थियों का सरकारी शिक्षक बनने का सपना अब एक कदम और करीब पहुंच गया है। जिन उम्मीदवारों का नाम मेरिट सूची में शामिल हुआ है, उन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए बोर्ड की आधिकारिक घोषणाओं पर लगातार नजर बनाए रखनी चाहिए।




साइन इन