NEET UG : 650 से ज्यादा अंक आते, 3 साल से कर रहा था तैयारी, खुदकुशी करने वाले छात्र के पिता ने बयां किया दर्द
सीकर में जान देने वाले छात्र के पिता ने कहा, 'वह तीन साल से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परीक्षा अच्छी हुई थी, और उसे उम्मीद थी कि वह 650 से ज्यादा अंक लाएगा। परीक्षा रद्द होने की खबर ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया।'

राजस्थान के सीकर में एक छात्र ने शुक्रवार को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने कहा कि छात्र राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) की तैयारी कर रहा था और उसने हाल में यह परीक्षा दी थी। उद्योग नगर के थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान प्रदीप मेघवाल के रूप में हुई है जो झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी इलाके में कनिका की ढाणी गांव का रहने वाला था। थानाधिकारी ने कहा कि वह अपनी दो बहनों के साथ सीकर के जलधारी नगर में किराए के मकान में रह रहा था और नीट की तैयारी कर रहा था। उसके पिता मजदूरी का काम करते हैं।
पुलिस के अनुसार प्रदीप ने कथित तौर पर अपनी बहन की चुन्नी से फांसी लगा ली। उस समय उसकी एक बहन कोचिंग क्लास में थी और दूसरी बाथरूम में थी। अधिकारियों ने बताया कि उसकी बड़ी बहन ने उसे फंदे से लटका हुआ देखा एवं उसे नीचे उतारने के बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।
650 से अधिक अंक आने की उम्मीद थी
थानाधिकारी ने बताया कि शव को मुर्दाघर में रखवाया गया है और अभी तक उसका पोस्टमार्टम नहीं किया गया है। छात्र के पिता राजेश ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, 'उसका पेपर टॉप रहा था। वह तीन साल से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परीक्षा अच्छी हुई थी, और उसे उम्मीद थी कि वह 650 से ज्यादा अंक लाएगा। परीक्षा रद्द होने की खबर ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया।'
पेपर रद्द होने से चिंता
इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि छात्र की परीक्षा अच्छी गई थी। उसके पिता के बयान का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छात्र को 650 अंकों की उम्मीद थी। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे नीट परीक्षा 2026 में अनियमितताओं और पेपर लीक की खबरों के बाद छात्रों में बढ़ रही चिंता से जोड़ा है।
पायलट ने कहा कि नीट 2026 पेपरलीक को लेकर भविष्य की चिंता ने विद्यार्थियों पर गहरा दबाव डाला है और इसका सीधा असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि होनहार, ईमानदार विद्यार्थी जी-तोड़ मेहनत करते हैं और अंत में पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द कर दी जाती है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी-2026' को इसका प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के मद्देनजर रद्द करने की घोषणा की तथा केंद्र सरकार ने सीबीआई को इसमें 'अनियमितताओं' की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया।
पूरे देश में ऐसी ही और घटनाएँ सामने आईं
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब पूरे देश से ऐसी ही और घटनाएँ सामने आ रही हैं। दिल्ली के आज़ादपुर में, NEET की तैयारी कर रही 20 साल की एक छात्रा ने कथित तौर पर अपने घर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और आत्महत्या की सही वजह का पता अभी नहीं चल पाया है। बाद में उसके परिवार वाले पुलिस को बिना बताए ही शव को श्मशान घाट ले गए।
3 दिन में 3 पहले ही दे चुके हैं जान
दो दिन पहले दिल्ली में नीट परीक्षा रद्द होने से अवसाद में आई 20 वर्षीय अंशिका पांडे ने आत्महत्या कर ली। वह तीन साल से नीट की तैयारी कर रही थी और परीक्षा रद्द होने से काफी परेशान थी। एक अधिकारी ने बताया, "पीड़िता NEET की तैयारी कर रही थी। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।" छात्रा की आत्महत्या के बाद स्वजन, पुलिस को बिना सूचित किए शव को लेकर दाह संस्कार करने केवल पार्क स्थित शवदाह गृह लेकर आ गए। उसी दौरान पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिसकमियों ने शवदाह गृह पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
यूपी में खुदकुशी का मामला
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले 21 साल के ऋतिक मिश्रा ने कथित तौर पर गुरुवार को आत्महत्या कर ली। उसके परिवार वालों ने बताया कि पेपर लीक के आरोपों के चलते NEET-UG परीक्षा रद्द होने से वह काफी परेशान था। परिवार वालों ने यह भी बताया कि उसे अपने तीसरे प्रयास में सफलता मिलने का पूरा भरोसा था। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन परिवार वालों ने इस घटना की वजह परीक्षा से जुड़े विवाद को ही बताया है।
गोवा में छात्र ने जान दी
दक्षिण गोवा जिले में भी 17 साल के एक लड़के ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस लड़के ने बुधवार शाम को मारगांव स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने NEET-UG 2026 की परीक्षा दी थी, लेकिन उसके सुसाइड नोट में आत्महत्या की वजह पढ़ाई का तनाव बताया गया है। नोट में लिखा था कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल नहीं हो पाएगा और पढ़ाई के साथ-साथ हॉकी के प्रति अपने जुनून को भी नहीं पूरा कर पाएगा।




साइन इन