राजस्थान BSTC आंसर की जारी, गलत जवाब पर आपत्ति का मौका भी; ऐसे करा सकते हैं दर्ज
राजस्थान BSTC 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी हो गई है। उम्मीदवार अब जवाब मिलान करने के साथ गलत उत्तरों पर आपत्ति भी दर्ज करा सकते हैं। जानिए पूरी प्रक्रिया और जरूरी नियम।

राजस्थान में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी यानी वीएमओयू, कोटा ने राजस्थान BSTC (प्री डीएलएड) 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। अब परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अपने जवाबों का मिलान कर सकते हैं और यह अंदाजा लगा सकते हैं कि उनके कितने नंबर बन सकते हैं। इसके साथ ही गलत जवाबों पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। आंसर की जारी होते ही कई अभ्यर्थी सवालों के उत्तरों की जांच में जुट गए हैं।
20 मई को हुई थी परीक्षा
राजस्थान प्री डीएलएड परीक्षा 20 मई 2026 को ऑफलाइन मोड में आयोजित की गई थी। परीक्षा राज्यभर के अलग-अलग केंद्रों पर दो शिफ्टों में कराई गई। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में छात्रों ने परीक्षा दी। यह परीक्षा राजस्थान के सरकारी और निजी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में डीएलएड कोर्स में दाखिले के लिए आयोजित की जाती है।
अब ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
वीएमओयू ने Answer Key Objection Form भी जारी कर दिया है। उम्मीदवार रोल नंबर और जन्मतिथि डालकर आपत्ति फॉर्म भर सकते हैं। अगर किसी छात्र को किसी सवाल का जवाब गलत लगता है, तो वह संबंधित प्रश्न पर आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क देना होगा। यूनिवर्सिटी आपत्तियों की समीक्षा करने के बाद फाइनल आंसर की जारी करेगी।
आपत्ति दर्ज करने से पहले इन नियमों को समझना जरूरी
यूनिवर्सिटी ने साफ कहा है कि बिना ठोस प्रमाण के दर्ज की गई आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। केवल भरोसेमंद और आधिकारिक स्रोतों को ही मान्यता दी जाएगी। महत्वपूर्ण निर्देशों के मुताबिक, विकिपीडिया, गूगल सर्च, अप्रमाणित वेबसाइट या AI आधारित जानकारी को प्रमाण नहीं माना जाएगा केवल टेक्स्ट बुक, रेफरेंस बुक, सरकारी वेबसाइट, सरकारी दस्तावेज और ऑथेंटिक अध्ययन सामग्री ही मान्य होगी। अस्पष्ट या अधूरी आपत्तियों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। जो दस्तावेज या स्क्रीनशॉट लगाए जाएंगे, वे साफ और पढ़ने योग्य होने चाहिए। एक उम्मीदवार एक सवाल पर केवल एक ही आपत्ति दर्ज कर सकेगा। पास बुक, गाइड, क्वेश्चन बैंक और कोचिंग नोट्स को प्रमाण के तौर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा
ऐसे निकाल सकते हैं अपने नंबर
आधिकारिक मार्किंग स्कीम के अनुसार हर सही जवाब पर 3 अंक दिए जाएंगे। गलत जवाब पर किसी तरह की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। यानी उम्मीदवार अपने सही उत्तर गिनकर आसानी से संभावित स्कोर निकाल सकते हैं। इससे रिजल्ट आने से पहले उन्हें अपनी स्थिति का अंदाजा लग जाएगा।
ऐसे डाउनलोड करें BSTC आंसर की
उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स की मदद से आंसर की डाउनलोड कर सकते हैं:
आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
“Answer Key” लिंक पर क्लिक करें
अपनी परीक्षा शिफ्ट और पेपर सेट चुनें
स्क्रीन पर आंसर की पीडीएफ खुल जाएगी
इसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सेव कर लें




साइन इन