NIOS BEd Bridge Course : यूपी से 32106 शिक्षकों ने ब्रिज कोर्स के लिए किया आवेदन, कितने अंक वाले होंगे पास
25 दिसंबर तक देशभर के 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 56072 शिक्षकों ने आवेदन किया था जिनमें से यूपी से मिले आवेदन की संख्या 32106 थी। यूपी से अधिकतर उन शिक्षकों ने आवेदन किया है जिनका चयन 69000 भर्ती में हुआ था।

NIOS BEd Bridge Course : उत्तर प्रदेश में बीएड के आधार पर प्राथमिक स्कूलों में चयनित 32106 सहायक अध्यापकों ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से छह माह के ब्रिज कोर्स के लिए आवेदन किया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एनआईओएस ने देशभर में 28 जून 2018 के बाद और 11 अगस्त 2023 से पहले प्राथमिक स्कूलों में नियुक्त बीएड अर्हताधारी सहायक अध्यापकों के ब्रिज कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर थी जो अब बढ़ाकर 19 जनवरी की दी गई है। खास बात यह है कि देशभर से मिले आवेदन में आधे से अधिक केवल उत्तर प्रदेश से हैं।
25 दिसंबर तक देशभर के 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 56072 शिक्षकों ने आवेदन किया था जिनमें से यूपी से मिले आवेदन की संख्या 32106 थी। यूपी से अधिकतर उन शिक्षकों ने आवेदन किया है जिनका चयन 69000 भर्ती में हुआ था। इसके बाद मध्य प्रदेश से 8633, बिहार से 6972, पश्चिम बंगाल से 5288, छत्तीसगढ़ से 1026 शिक्षकों ने आवेदन किए हैं।
एनआईओएस की ओर से प्राथमिक शिक्षक शिक्षा का छह माह का प्रमाणपत्र (ब्रिज कोर्स) दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा (ओडीएल) माध्यम से संचालित किया जाएगा। शिक्षकों को ब्रिज कोर्स शुरू होने की तिथि से एक वर्ष के भीतर एक बार में ही कोर्स पूरा करना है। कोर्स पूरा न करने पर शिक्षक की नियुक्ति अमान्य हो जाएगी। ब्रिज कोर्स को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने दो जुलाई 2025 को मान्यता दी थी। एनआईओएस मुख्यालय नोएडा में सक्षमता निर्माण प्रकोष्ठ के उपनिदेशक आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 19 जनवरी तक बढ़ा दी गई है।
ब्रिज कोर्स में थ्योरी में 40 और प्रैक्टिकल में 50 अंक वाले होंगे पास
प्राइमरी कक्षाओं में बीएड पर बहाल शिक्षकों के लिए ब्रिज कोर्स का पाठ्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसमें नामांकन की प्रक्रिया से लेकर कोर्स में क्या-क्या पढ़ना है और कैसे कक्षा करनी है, इन सबको लेकर गाइडलाइन जारी की गई है। थ्योरी में 40 और प्रैक्टिकल में 50 अंक पर ही 10 हजार से अधिक शिक्षक पास हो जाएंगे। बीएड के आधार पर एक से पांच में नियुक्त शिक्षकों को इस कोर्स को करने पर ही मान्यता मिलेगी।




साइन इन